मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों से प्रदेश की जनता के लिए पूरे परिश्रम से जुट जाने का किया आव्हान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, July 3, 2020

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों से प्रदेश की जनता के लिए पूरे परिश्रम से जुट जाने का किया आव्हान

भोपाल, अंकित जैन - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज नवगठित मंत्रिपरिषद की बैठक मंत्रालय में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर समस्त मंत्रियों को अपनी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनसे राज्य की जनता के हित में पूरे परिश्रम से जुटकर कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि मंत्रीगण विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के सुझावों के अनुरूप समन्वय से कार्य करते हुए प्रदेश की जनता का कल्याण सुनिश्चित करें। कोरोना से लड़खड़ाई अर्थव्यवस्था भी धीरे-धीरे ठीक होगी और मध्यप्रदेश को बदलने में समय नहीं लगेगा। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस ने गत तीन माह में राज्य सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी विस्तार पूर्वक दी। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान ने प्रदेश में कोविड-19 के नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों और वर्तमान स्थिति की जानकारी प्रजेंटेशन द्वारा दी।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता के लिए हमें कार्य करना है। हम अपने लिए नहीं बल्कि आमजन के लिए इस जिम्मेदारी को वहन करने के लिए पूरी योग्यता, परिश्रम और तनमयता से कार्य करें। मुझे आशा है कि समस्त मंत्रीगण सौंपे गए उत्तरदायित्व को कर्मठता से पूरा करेंगे। श्री चौहान ने कहा कि यह प्रयास होना चाहिए कि मेहनत की पराकाष्ठा हो, पारदर्शिता हो और प्रमाणिकता भी स्थापित हो। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमें टीम के रूप में कार्य करना है। मौजूदा कोरोना संकट ने अर्थव्यवस्था को काफी प्रभावित किया है। इसके बावजूद हम पूरी क्षमताओं से, आनंद और प्रसन्नता के साथ कार्य करें। स्नेह सौजन्य मित्रता, सहयोग की भावना के साथ खुद के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए प्रदेश की जनता को स्वस्थ्य रखने और उन्हें विकास का लाभ पहुँचाने के पूरे प्रयत्न करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर जानकारी दी कि प्रत्येक मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने मंत्रीगण से अनुरोध किया कि सोमवार और मंगलवार को राजधानी भोपाल में रहकर कार्य निष्पादन करें।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages