पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की लगाई गुहार
फतेहपुर, शमशाद खान । सदर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला रियाज कालोनी कमालपुर गढ़ीवा में दबंगों द्वारा असलहों से लैस लेकर एक घर का ताला तोड़कर दो लाख की नकदी व जेवरात लूट लिये जाने का आरोप मढ़ते हुए पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देते हुए दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई है।
 |
| कोतवाली में तहरीर देने जाते पीड़ित। |
रियाज कालोनी कमालपुर गढ़ीवा निवासी अनिल साहू पुत्र माता प्रसाद साहू ने कोतवाली प्रभारी को दिये गये शिकायती पत्र में बताया कि पांच अगस्त की अपरान्ह लगभग तीन बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था। तभी दबंग सुधीर सोनी, अमित सोनी पुत्रगण रमेश चन्द्र सोनी, रमेश चन्द्र सोनी पुत्र अज्ञात अपने 30-35 साथियों के साथ असलहों से लैस होकर उसके दरवाजे आये और कमरे का ताला तोड़ने लगे। तभी उसने अपनी छत से देखा कि उपरोक्त लोग हथौड़ा, सबरी एवं नाजायज असलहों से लैस हैं। उसने शोर मचाकर कहा कि ताला क्यों तोड़ रहे हो इस पर सुधीर ने ललकारा मारो साले को। इस पर किसी ने जान से मारने की नियत से उसके ऊपर फायर कर दिया जिसमें वह बाल-बाल बच गया। दबंग ताला तोड़कर घर में घुस आये और दो लाख की नकदी एवं जेवरात लेकर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए चले गये। इस घटना से पूरा परिवार दहशत में है। दबंगों ने महिलाओं को भी असलहों के बल पर रोक लिया था। खुलेआम दबंगों ने घटना को अंजाम दिया है। बताया कि घटना के दौरान उसने पीआरवी 112 पर सूचना दी। जिसमें पुलिस ने आकर पांच छह लोगों को हिरासत में भी ले लिया था। उसने कोतवाली प्रभारी से दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई है।
No comments:
Post a Comment