खखरेरू पुलिस को मिली कामयाबी, दो तमंचा व चार कारतूस बरामद
फतेहपुर, शमशाद खान । लगभग बारह दिन पूर्व मोबाइल पर फोन करके जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगने वाले बदमाशों को खखरेरू पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पनिहा बाबा चैराहा के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान दो तमंचा व चार जिन्दा कारतूस भी बरामद किये हैं। अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया।
खखरेरू थाना क्षेत्र के ग्राम रक्षपालपुर निवासी डा0 विद्याकांत सिंह व खखरेरू कस्बा निवासी व्यवसायी रोहित केशरवानी ने 28 जुलाई को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर बीस लाख रूपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने पर तहरीर दी थी। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा के दिशा-निर्देशन में खखरेरू थाना प्रभारी नागेन्द्र कुमार नागर अपने हमराही उपनिरीक्षक व सिपाहियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश पनिहा बाबा चैराहे के समीप खड़े होकर वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही
थाना प्रभारी हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर मो0 आमिर पुत्र असगर अली निवासी ग्राम बरहटा थाना खखरेरू, मो0 अफजल पुत्र मो0 असलम निवासी लतीफ रोड कस्बा खखरेरू, सूरज पटेल पुत्र जितेन्द्र सिंह निवासी ग्राम गुरगौला थाना खखरेरू व चांद पुत्र मो0 शमीम निवासी ग्राम बरहटा को गिरफ्तार कर लिया। जिनके पास से पुलिस ने दो तमंचा व चार जिन्दा कारतूस के अलावा तीन मोबाइल दो सिमकार्ड भी बरामद किये हैं। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने बताया कि रक्षपालपुर गांव निवासी डा0 विद्याकांत सिंह व खखरेरू कस्बा निवासी रोहित केशरवानी को फोन करके जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगी थी। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी के अलावा उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार, उपनिरीक्षक अनिरूद्ध कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल कौशलेन्द्र द्विवेदी, कांस्टेबल अवनीश यादव, रवि कुमार शामिल रहे।
![]() |
| पुलिस टीम की गिरफ्त में पकड़े गये बदमाश। |


No comments:
Post a Comment