सीएमओ कार्यालय के बाहर लगा कूड़े का ढेर व्यवस्थाओं की खोल रहा पोल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 11, 2020

सीएमओ कार्यालय के बाहर लगा कूड़े का ढेर व्यवस्थाओं की खोल रहा पोल

कोरोना महामारी से भी सबक नहीं ले रहा पालिका प्रशासन 

फतेहपुर, शमशाद खान । एक ओर जहां केन्द्र सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन का दंभ भरा जाता है। वहीं इसके उलट शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर इस अभियान को ठेंगा दिखाने का काम कर रहे हैं। वर्तमान समय में पूरे विश्व में कोरोना महामारी फैली हुयी है। इससे भी पालिका प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग सबक नहीं ले रहा है। हालत यह है कि स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के ठीक बाहर बाउण्ड्री से सटा रोड तक कूड़ा फैला हुआ है। जिसे साफ करवाये जाने की जेहमत स्वास्थ्य विभाग नहीं कर रहा। उधर नगर पालिका प्रशासन भी उदासीन बना हुआ है। 

ईदगाह रोड सीएमओ कार्यालय के समीप लगा कूड़े का ढेर।
बताते चलें कि पूरा देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है। ऐसे में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा साफ-सफाई पर अत्यधिक जोर दिया जा रहा है। जिससे अन्य वायरस को फैलने से रोका जा सके। प्रदेश में विशेष संचारी रोग अभियान भी युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है लेकिन इन दोनों अभियान का शहर में असर नहीं दिख रहा है। नगर पालिका प्रशासन आज भी साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर उदासीन है। शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर लगे कूड़े के ढेर चीख-चीख कर बयान कर रहे हैं कि पालिका प्रशासन अपने कार्यों की प्रति कितना शिथिल है। मंगलवार को यह नजारा सड़कों पर साफ दिखाई दिया। ईदगाह रोड स्थित सीएमओ कार्यालय की बाउण्ड्री से सटा कूड़े का ढेर पूरी रोड पर फैला रहा। जिसमें आवारा जानवर विचरण करते दिखाई दिये। जिन्होने कूड़े को पूरे मार्ग तक फैला दिया था। मार्गों के साथ-साथ कूड़ेदान में विचरण करने वाले यह आवारा जानवर दुर्घटनाओं का सबब भी बनते हैं। कूड़े खंगालते समय अचानक इनका द्वन्द युद्ध शुरू हो जाता है और इसकी चपेट में आकर पैदल, साइकिल व बाइक सवार चुटहिल हो जाते हैं। नगर पालिका के उच्चाधिकारी लगातार दम्भ भरते हैं कि पालिका द्वारा युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। यदि पालिका प्रशासन अब भी न चेता तो कई तरह की संक्रामक बीमारियां शहर में पैर पसार लेंगी और इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ेगा। उधर स्वास्थ्य विभाग भी अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़े हुए है। जब स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी के कार्यालय के बाहर ही कूड़े का ढेर लगा मिलेगा तो अन्य स्थानों की बात करना बेमानी है। लोगों का कहना रहा कि कूड़े के ढेर से ही संक्रामक बीमारियों का जन्म होता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर लोगों को साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक भी किया जाता है लेकिन यह विभाग स्वयं जागरूक नहीं दिख रहा है। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages