महान पुरूष के महान बनने में मां का होता महत्वपूर्ण योगदान: धुन्नी सिंह
फतेहपुर, शमशाद खान । शासन के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान का शनिवार को शुभारम्भ किया गया। जिसके तहत विकास भवन परिसर से उक्त अभियान की रैली का आयोजन हुआ। जिसे खागा विधायक कृष्णा पासवान, जिलाधिकारी संजीव सिंह, नोडल अधिकारी दीपा रंजन, मुख्य विकास अधिकारी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह रैली तीनों तहसीलों, नगरीय निकायों, विकास खण्डां एवं ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी।
![]() |
| गोष्ठी में भाग लेते राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह। |
तत्पश्चात विकास भवन सभागार में मिशन शक्ति के सिद्धान्तों एवं उद्देश्यों के सम्बन्ध में विचार गोष्ठी आयोजित की गयी। गोष्ठी के मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, विशिष्ट अतिथि विधायक खागा कृष्णा पासवान ने शिरकत की। गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि किसी भी परिवार के विकास की आधार मां होती हे। यदि मां शिक्षित होती है तो उसका प्रभाव पूरे परिवार को प्रभावित करता है। हर महान पुरूष के महान बनने में उसकी मां का सर्वाधिक योगदान रहता है। इसलिए आवश्यकता है कि बेटा और बेटी में अंतर को समाप्त करते हुए बेटियों को भी बेटे के समान शिक्षा सहित सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं एवं अवसर प्रदान करें। ताकि समाज एक विकसित एवं सुशिक्षित बन सके। विधायक कृष्णा पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा देश एवं प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के विकास व कल्याण के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं चलायी जा रही हैं। जिसका प्रभाव महिलाओं के विकास में परिलक्षित हो रहा है। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने महिलाओं और बच्चों के कल्याण हेतु शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं अधिनियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश ने अतिथिगणों का आभार प्रकट किया। गोष्ठी का संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी केएस मिश्र ने किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला विकास अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, चाइल्ड लाइन प्रतिनिधि, महिला कल्याण अधिकारी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष के अलावा तमाम लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment