रामनाथ कोविंद के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने कसी कमर - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, September 17, 2026

रामनाथ कोविंद के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

अदमापुर कोरसम में कार्यक्रम स्थल का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

सुरक्षा से लेकर व्यवस्थाओं तक परखी तैयारियां

फतेहपुर, मो शमशाद । पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 18 सितंबर को संदीपनी पब्लिक स्कूल अदमापुर कोरसम बिंदकी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप समय से पहले पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

पूर्व राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लेतीं डीएम व साथ में एसपी।

जिलाधिकारी ने एसडीएम बिंदकी को कार्यक्रम स्थल पर तैनात किए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर उन्हें स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए। पूर्व राष्ट्रपति से भेंट करने वाले व्यक्तियों एवं अतिथियों की सूची पहले से प्राप्त कर आवश्यक सत्यापन कराने तथा प्रोटोकॉल के अनुसार प्रवेश और निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग, निर्धारित रूट, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था के साथ आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सुरक्षा के साथ आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी को अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और क्रियाशीलता, आपातकालीन निकासी मार्ग व फायर टेंडर की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की मेडिकल टीम, आवश्यक दवाएं, चिकित्सा उपकरण और एंबुलेंस की व्यवस्था रखने को कहा गया। कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। बीडीओ मलवां को कार्यक्रम स्थल, निर्धारित रूट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। निर्धारित रूट का निरीक्षण कर सड़क के गड्ढों की मरम्मत, आवश्यक साइनेज, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई के कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए। विद्युत विभाग को कार्यक्रम स्थल और निर्धारित रूट पर विद्युत लाइनों, पोल, केबल, अस्थायी कनेक्शन, जनरेटर और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए। एसडीएम बिंदकी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयारियां पूरी कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ बिंदकी, नायब तहसीलदार मलवां, बीडीओ मलवां, विद्युत विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages