जमीन कब्जेदारी को लेकर 16 सितंबर को हुआ था खूनी बवाल
पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक समेत कारतूस व दो वाहन किए बरामद
फतेहपुर, मो शमशाद । थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा हाईवे पर पीएनसी गोदाम के पास जमीन कब्जेदारी को लेकर 16 सितंबर को हुए विवाद व फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दो दिन पहले जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में मारपीट और गाली-गलौज के बाद फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब विवेचना में सामने आए तथ्यों और बरामदगी के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
![]() |
| पुलिस टीम की गिरफ्त में भाजपा नेता समेत अन्य आरोपी। |
पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर को हसवा हाईवे स्थित पीएनसी गोदाम के पास जमीन की कब्जेदारी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते विवाद मारपीट और गाली-गलौज में बदल गया। इसी दौरान जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने की घटना हुई थी। मामले में थाना थरियांव में मुकदमा अपराध संख्या 253/2026 दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने 17 सितंबर को भाजपा नेता रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह, बलराम मिश्रा, पत्तू उर्फ नन्देर, गुड्डू पटेल व शिवकुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त असलहे और वाहन भी बरामद किए। पुलिस के अनुसार रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह की निशानदेही पर 12 बोर की एसबीबीएल बंदूक नंबर 205715, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। विवेचना में उक्त लाइसेंसी बंदूक रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह के नाम पंजीकृत होना पाया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो और महिंद्रा एक्सयूवी-500 भी पुलिस ने बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। वहीं रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 27(1) और 30 के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को 18 सितंबर को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह के खिलाफ वर्ष 2020 का मुकदमा दर्ज है। बलराम मिश्रा के खिलाफ वर्ष 2021, 2023 व 2024 में अलग-अलग मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है, जिसमें आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है। वहीं गुड्डू पटेल के खिलाफ भी वर्ष 2020 का मुकदमा दर्ज है।


No comments:
Post a Comment