फायरिंग की आवाज वाला दूसरा वीडियो भी प्रसारित, जांच में जुटी पुलिस
भाजपा नेता रिंकू लोहारी व वीरेंद्र सिंह समेत छह हिरासत में
फतेहपुर, मो शमशाद । थरियांव थाना क्षेत्र की हसवा चौकी के अंतर्गत जमीन पर कब्जेदारी को लेकर बुधवार की दोपहर सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि नेशनल हाईवे पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान फायरिंग की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। एक वीडियो में हाईवे पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पुलिस कर्मियों का बीच-बचाव करते दिखाई देना बताया जा रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है। पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि गोली किसने चलाई और किसे निशाना बनाया गया।
![]() |
| नेशनल हाईवे पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव करती पुलिस। |
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में विवाद जमरावां वार्ड से भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी व भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह पक्ष के बीच सामने आया है। वीरेंद्र सिंह की हसवा चौकी क्षेत्र में स्थित भूमि के कुछ हिस्से को उनके एक पारिवारिक सदस्य ने रिंकू लोहारी को बेच दिया था। इसी भूमि पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बुधवार को इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। मामला बढ़ने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। बताया गया कि मामला कुछ समय के लिए शांत भी हुआ, लेकिन इसके बाद वीरेंद्र सिंह पक्ष से कुछ युवक मौके पर पहुंचे। इसके बाद फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। हाईवे पर हुई मारपीट से वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मारपीट के दौरान ही फायरिंग की आवाज सुनाई देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। हालांकि पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर अभी यह तय नहीं हुआ है कि फायरिंग किस व्यक्ति ने की और गोली किसे निशाना बनाकर चलाई गई। पुलिस वीडियो की जांच के साथ मौके से उपलब्ध साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। घटना में दोनों पक्षों के बीच मारपीट में दो लोगों के सिर फटने की भी जानकारी सामने आई है। विवाद के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और अपनी-अपनी शिकायत पुलिस के सामने रखी। थाने पर भी काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों से छह लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें रिंकू लोहारी व वीरेंद्र सिंह भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के कुल छह व्यक्तियों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। क्षेत्राधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment