पांच घंटे बीतने के बाद मौके पर पहुंची डायल 112
विजयीपुर/फतेहपुर, शमशाद खान । किशनपुर थाना क्षेत्र में संचालित हो रहे संगोलीपुर मडैयन मोरम खदान के मार्ग मे मंगलवार को एक बार फिर से लंबा जाम लग गया और उसी जाम में एक एंबुलेंस भी फस गई। जिस पर बैठी गर्भवती महिला करीब तीन घंटे दर्द से कराहती रही लेकिन जाम न हट पाने की वजह से गर्भवती महिला को भगवान भरोसे घर वापस लौटना पड़ा।
| जाम में फंसी एंबुलेंस। |
किशनपुर थाना क्षेत्र के संगोलीपुर मडैयन मोरम खदान के मार्ग पर भावनापुर के समीप मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे के आसपास भीषण जाम लग गया। जिसमें मरीज को लेने गई एंबुलेंस भी फस गई, बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह नरौली गांव निवासी सूरजभान की पत्नी जनक दुलारी को अचानक पेट में दर्द हुआ, जिसके बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। जिस पर एंबुलेंस मरीज को लेने किसी प्रकार से नरौली गांव पहुंची। जिसके कुछ देर बाद ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई और मार्ग पर फिसलन होने की वजह से मोरम खदान के मार्ग पर भावनापुर के समीप एक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। जिसके बाद ट्राली नीचे खंदक में चली गई फिर क्या था धीरे-धीरे रास्ते पर ओवरलोड वाहनों का जाम बढ़ता गया और उसी बीच में एंबुलेंस भी फस गई। जिस पर बैठी गर्भवती महिला दर्द से करीब तीन घंटे कराहती रही जिसके बाद परिजनों ने निजी साधन से गर्भवती महिला को लेकर आगे बढ़े लेकिन रास्ता खराब होने की वजह से निजी साधन भी आगे नहीं जा सका और फिर गर्भवती महिला को परिजनो ने चारपाई में लिटाकर भगवान भरोसे घर वापस लेकर चले गए हद तो तब हो गई जब जाम लगने की सूचना दिए पांच घंटे बीत गए पर मौके पर कोई भी जिम्मेदार नहीं पहुंचा लेकिन करीब पांच घंटे बीतने के बाद जब लगातार लोगों द्वारा जाम में एंबुलेंस फसने की सूचना दी गई तब डायल 112 मौके पर पहुंची और किसी प्रकार से एंबुलेंस को बाहर निकाला लेकिन फिर भी जाम को नहीं हटवाया जा सका। इस मार्ग पर खदान चलने के बाद जाम लगने का यह कोई नया सिलसिला नहीं है। इससे पूर्व में भी कई बार इस रास्ते में भीषण जाम लग चुका है और राहगीर परेशान हो चुके हैं।

No comments:
Post a Comment