जल शक्ति राज्यमंत्री समेत जिले के अफसरों ने भी खेली होली
रंगों में सराबोर हो गए शहर और गांव में होरियारे
दो दिनों तक होली के जश्न में सराबोर रहे बाशिंदे
बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड में कुछ अलग ही रस्म-रिवाजों, जोश और परंपरा के साथ दो दिवसीय होली पर्व पूरे जनपद में हर्षोल्लास के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर के चौराहों से गांवों की गलियां तक रंगों में सरोबार हो गईं। अबीर और गुलाल से कहीं ज्यादा चेहरों पर रंग पोतने की होड़ रही। होलिका दहन के बाद से ही रंग और अबीर की होली शुरू हो गई और जगह-जगह होलियारों के जत्थे होली के फिल्मी गीतों पर नाचते और थिरकते दिखाई दिए। शहर के महेश्वरी देवी चौराहे पर होरियारों ने जमकर धमाल किया और डीजे की धुन पर जमकर थिरके।
![]() |
अवस्थी पार्क होली के रंगों में सराबोर सदर विधायक व अन्य। |
गुरुवार की रात होलिका दहन के साथ ही शुरू हुए दो दिवसीय रंगोत्सव में समूचा जनपद होली के रंगों में सराबोर हो गया। शुक्रवार की सुबह से होरियारों की टोलियां जगह जगह घूम कर होली खेलती रहीं और एक दूसरे को रंग अबीर से सराबोर करती रहीं। वहीं देर रात तक होलिका दहन वाले स्थानों पर फाग और होली गीत गूंजते रहे। लेकिन जनपद की पुरानी परंपरा के अनुसार दूसरे के दिन ही होली का रंग बरसता है। ऐसे में होली का असली रंग शनिवार को चढ़ा और युवाओं ने शहर के विभिन्न चौराहों में एकत्र होकर जमकर डांस किया और आने जाने वालों को होली के रंगों से सराबोर किया। त्योहार के मद्देनजर पुलिस की ओर से भी लाउडस्पीकर बजाने और चौराहों या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रंगों की बौछार और नाचने-कूदने की ढील रही। होरियारों के जत्थे बाइकों पर और
![]() |
महेश्वरी देवी चौक में युवाओं ने की जमकर रंगबाजी। |
पैदल शहर में धूमकर मौज मनाते रहे। शहर के विभिन्न इलाकों में मटकी फोड़ने की परंपरा का भी निर्वाहन किया गया। इस मौके पर युवाओं और बच्चों ने जमकर धमाल मचाया। उधर, गांवों में भी खूब रंगबाजी हुई। महिलाएं और बच्चे भी इसमें पीछे नहीं रहे। खास बात यह है कि पूरे हर्षोल्लास के बीच दोनों दिन कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं भी होली का रंग बदरंग नहीं हुआ। वहीं सूरज ढलते ही एक-दूसरे के घर जाने-आने और होली की बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया। यह देर रात तक चला। होली की मस्ती मंे जिले के अफसर भी पीछे नहीं रहे। प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने अपने पैत्रक गांव पैलानी डेरा में समर्थकों संग होली मनाई, वहीं नरैनी विधायक ओममणि वर्मा और बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव भी अपने पैतृक आवासों पर होली के रंगों में सराबोर दिखे। अफसरों ने भी एक दूसरे को रंग अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। वहीं
![]() |
होली मिलन समारोह में सदर विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष बातचीत करते हुए। |
महुआ विकासखंड के पतौरा गांव में भी होली के जमकर रंग बिखरे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश त्रिपाठी ने जहां अपने आवास पर ग्रामीणों संग जमकर रंग-अबीर उड़ाया, वहीं उन्होंने समर्थकों की टोली के साथ गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों को होली की शुभकामनाएं दी और उनका हाल चाल जाना। परंपरागत फाग में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समेत ग्रामीणों ने खूब मस्ती की। ऐसे ही बड़ोखर खुर्द के जारी गांव में वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी हरदेव त्रिपाठी ने परंपरागत फाग का आयोजन कराया और ग्रामीणों के साथ खूब होली खेली। इसी तरह जसपुरा ब्लाक क्षेत्र के नरजिता गांव में ग्राम प्रधान शिवदर्शन प्रजापति के नेतृत्व में होली मिलन समारोह और फाग महोत्सव आयोजित हुआ। अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार महासभा राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल प्रजापति समेत पूर्व प्रधान तोप सिंह, छोटे लाल प्रजापति व सत्यप्रकाश प्रजापति ने समारोह के दौरान एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। फाग गीतों का भी आनंद लिया। रावेंद्र एंड पार्टी ने शानदार गायन प्रस्तुत किया। इस मौके पर हरिश्चंद्र प्रजापति, भारत भूषण, सूर्य प्रकाश, योगेश कुमार, रमेशचंद्र सोनी, दीनदयाल सोनी, डा.शिवप्रकाश, मनोज कुमार मृदुल, आलोक प्रजापति, भोला प्रजापति, लोक दत्त प्रजापति, राजकमल प्रजापति उपस्थित रहे।
![]() |
होली की मस्ती में चूर होरियारे। |
अवस्थी पार्क में होली मिलन के दौरान बरसा रंग
बांदा। शहर के अवस्थी पार्क में नियमित योग की क्लास चलाने वाले योग गुरु प्रकाश साहू की अगुवाई में शुक्रवार को होली का त्योहार मनाया गया। यहां शहर के संभ्रांत लोगों ने एकत्र होकर एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। वहीं योगगुरु की अगुवाई में महिलाएं व पुरुष गुलाब की पंखुडियों के माध्यम से होली की मस्ती करते दिखे। होली की मस्ती के बीच ठंडाई के साथ पकवानों का स्वाद लेकर सभी लोग मस्ती में सराबोर हो गए। योग गुरु प्रकाश साहू ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार लालू दुबे, सपा के पूर्व अध्यक्ष विजय करन यादव, भाजपा नेता अमित सेठ भोलू, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता, नरेंद्र सिंह नन्ना, आशुतोष मिश्रा, शिवपूजन गुप्ता, रालोद के बुंदेलखंड प्रभारी वीरेंद्र साक्षी, व्यापारी नेता मनोज जैन, राज्य महिला आयोग सदस्य प्रभा गुप्ता, भाजपा नेत्री जागृति वर्मा, सुनीता गुप्ता, सरिता सिंह आदि शामिल रहे।
![]() |
पतौरा गांव में होली खेलते ग्राम प्रधान व ग्रामीण। |
मस्जिदों के बाहर तैनात रही पुलिस
बांदा। जिले में दो दिवसीय होली के पहले दिन शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर शासन-प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। इस दौरान नमाजियों की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने मस्जिदों के आसपास कड़ी निगरानी रखी। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए शहर की हरेक मजिस्दों के बाहर पुलिस के साथ पीएसी की तैनाती की गई। पुलिस बल को संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखने के निर्देश रहे। अधिकारी स्वयं क्षेत्रों में जाकर स्थिति की निगरानी करते रहे। विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त करते हुए लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment