आयुक्त के निरीक्षण में मिली गड़बड़ियां, कार्रवाई के निर्देश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 19, 2025

आयुक्त के निरीक्षण में मिली गड़बड़ियां, कार्रवाई के निर्देश

आयुक्त ने बी-पैक्स केंद्र मुरवल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया निरीक्षण

बांदा, के एस दुबे । मंडलायुक्त अजीत कुमार ने मंगलवार को बी-पैक्स केन्द्र मुरवल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुरवल एवं यू.पी. कॉपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पायी गई अनियमितताओं पर आयुक्त ने गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। बी-पैक्स केन्द्र मुरवल में निरीक्षण के समय केवल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित मिले, शेष कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। केन्द्र तक पहुँचने का मार्ग गंदा व कीचड़युक्त पाया गया। क्षेत्रवासियों ने शिकायत की कि केन्द्र प्रभारी द्वारा गोदाम में खाद उपलब्ध होने के बावजूद वितरण उपकेन्द्र बगेहटा से कराया जा रहा है, जिससे किसानों को भारी असुविधा होती है। इस पर आयुक्त ने सहायक निबंधक एवं सहायक आयुक्त, सहकारिता बाँदा को तत्काल

निरीक्षण के दौरान बातचीत करते आयुक्त अजीत कुमार।

मुरवल केन्द्र पर खाद उपलब्ध कराकर किसानों को यहीं से वितरण कराने के निर्देश दिये। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मुरवल में चिकित्सक अंजली मिश्रा उपस्थित पायी गयीं। किन्तु केन्द्र के बाहर कूड़े के ढेर एवं कीचड़युक्त पहुंच मार्ग गंदगी की स्थिति में मिला। इस पर आयुक्त ने खण्ड विकास अधिकारी, बबेरू को उक्त मार्ग को दुरुस्त कराने व कूड़े की तत्काल सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। यूपी कॉपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड के निरीक्षण के दौरान कृषक केन्द्र पर खाद लेने के लिए किसानों की लंबी लाइन लगी मिली। केन्द्र प्रभारी ने अवगत कराया कि सर्वर न चलने के कारण वितरण बाधित है। इस पर आयुक्त ने क्षेत्रीय प्रबंधक, पीसीएफ को निर्देशित किया कि तकनीकी समस्या का तत्काल निराकरण कर कृषकों को खाद वितरण सुनिश्चित कराया जाए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसानों व आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages