चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जनपद में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) कार्य के अंतर्गत जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने शनिवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। यहां मतदाताओं को नोटिस प्राप्ति में विलंब होते पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए लापरवाही करने वाले कार्मिकों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के बूथ संख्या 450 लक्ष्मण पुरी एवं बूथ संख्या 226 कंपोजिट विद्यालय, कुंजन पुरवा पर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। यहां डीएम ने कहा कि पुनरीक्षण कार्य में तार्किक विसंगति के निराकरण पर सर्वाधिक ध्यान केंद्रित किया जाए। उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि इस कार्य के लिए आधार कार्ड एवं परिवार रजिस्टर का मिलान कर डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करें। इस दौरान सुपरवाइजर ने बताया कि कुछ मतदाताओं को अभी तक
नोटिस प्राप्त नहीं हुए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल नोटिस प्रिंट कराकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि नोटिस वितरण में विलंब होने पर व कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित उत्तरदायी कार्मिक के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी। निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ से कम से कम 50 मतदाताओं को नोटिस तामील कराते हुए उनकी सुनवाई की जाए। साथ ही विसंगतियों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए तत्काल बी.एल.ओ. एप पर अपलोड करना करें। अधिकारियों एवं बी.एल.ओ. को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग की मंशानुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित और शुद्ध बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता अक्षम्य होगी। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी, नगर क्षेत्र प्रदीप दीक्षित, खंड विकास अधिकारी कर्वी महिमा विद्यार्थी, सुपरवाइजर नरेन्द्र कुमार सहित बीएलओ आदि मौजूद रहे।
.jpg)

No comments:
Post a Comment