भोर सबेरे से ही महाशिवरात्रि पर्व पर पर्वत में उमड़ पड़ा श्रद्धालुओं का रेला
बैरिकेडिंग से आवागमन करते रहे श्रद्धालु, 12 सीसीटीवी कैमरों से हुई निगरानी
रविवार की देर रात महाआरती में उमड़े हजारों की संख्या में शिवभक्त
बांदा, के एस दुबे । भोर होते ही रविवार को महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं का पर्वत पर विराजमान भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए आवागमन शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी। मंदिर के बाहर गेट से लेकर गुफा के द्वार तक हजारों की संख्या में शिवभक्त बैरिकेडिंग से आवागमन करते हुए हर-हर-बम-बम का जयघोष लगा रहे थे। 12 सीसीटीवी कैमरे से निगरानी करते रहे। अपर एसपी भी बामदेवेश्वर पर्वत पर मौजूद श्रद्धालुओं की निगहबानी करते नजर आए। मंदिरों में पूजन अर्चन और दर्शन वंदन का सिलसिला मध्य रात्रि से जो शुरू हुआ वह देर रात तक चलता रहा।
![]() |
| बामदेवेश्वर शिव का जलाभिषेक करतीं श्रद्धालु |
शिवालयों में हर-हर महादेव व जय भोलेनाथ के उद्घोष गूंजते रहे। बामदेवेश्वर मंदिर में पर्वत की गुफा में विराजमान त्रेताकालीन शिवलिंग के दर्शन पूजन के लिए भक्तों के आने का सिलसिला मध्य रात्रि से ही शुरू हो गया था। शुरू में भक्तों की भीड़ कम रही, लेकिन सुबह 8 बजे के बाद हजारों भक्तों की लंबी-लंबी लाइने लग गई। श्रद्धालुभक्तों द्वारा इस दौरान शिवलिंग का दुग्ध व जल से अभिषेक किया। बेलपत्र, पुष्प, धतूरा, शमी पत्र आदि अर्पण कर आर्शीवाद प्राप्त किया। ऐसी मान्यता है कि भोलेनाथ के दरबार में आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूर्ण होती है। इन्हीं मान्यताओं के चलते बामदेवेश्वर मंदिर में भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। यह क्रम देर रात तक चला। इस बीच लाखों भक्तों द्वारा भोलेबाबा का दर्शन वंदन आर्शीवाद प्राप्त किया। भक्तों में महिला भक्तों की संख्या सर्वाधिक रही। पर्व की भीड़ के मद्देनजर मंदिर कमेटी द्वारा बैरिकेटिंग लगापकर विशेष प्रबंध किए गए थे और आने जाने का मार्ग भी सुनिश्चित कर दिया गया था, ताकि भक्तों को आने जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यकर्ता व्यवस्था को बनाए रखने में पूरी सक्रियता के साथ संलग्न रहे, वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस व महिला पुलिस पूरी तरह अपना योगदान देती रही और व्यवस्था में भी सहयोगी की भूमिका निभाती रही। भीड़ के चलते और धक्का मुक्की को दृष्टिगत रखते हुए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी, जिन्हें दर्शन पूजन के लिए क्रमश: जाने दिया जाता रहा। इसी प्रकार से शहर के प्रमुख महेश्वरी देवी मंदिर, कचहरी तिराहा स्थित संकट मोचन मंदिर, बाबूलाल चौराहा स्थित कालीदेवी मंदिर, खुटला स्थित पंचानन भगवान मंदिर, कटरा स्थित सिंहवाहिनी मंदिर, मढ़ियानाका स्थित महामाई मंदिर आदि अनेक मंदिरों में विराजमान शिवलिंग का भक्तों ने पूजन अर्चन किया और पुण्यलाभ कमाया।

मंदिर के बाद लगी शिवभक्तों की कतार।
मंदिरों में तैनात रही महिला पुलिस बल
बांदा। महाशिवरात्रि के पर्व पर उमड़ने वाली भक्तों की भीड़ और उनकी सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस पूरी तरह से शहर में सक्रिय रही। बामदेवेश्वर मंदिर में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज द्वारा स्थिति का जायजा लेते रहे और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी देते रहे। सुरक्षा के लिए पुलिस के अधिकारी व जवान तथा महिला पुलिस बल पूरी तरह से सक्रिय रहे। इसके साथ ही सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाॅक के नेतृत्व में भी महिला व पुरुष पुलिस टीमे मंदिरों में सुरक्षा में संलग्न रही।

अतर्रा में शिव बारात में शामिल शिवभक्त।
यातायात व्यवस्था में तैनात रही ट्रैफिक पुलिस
बांदा। महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुभक्तों की उमड़ने वाली भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। ट्रैफिक पुलिस व नागरिक पुलिस संयुक्त रूप से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपना सहयोग देते रहे। बलखंडी नाका चौराहा से महेश्वरी देवी मंदिर व छोटी बाजार रोड पर बामदेवेश्वर मंदिर की ओर जाने वाले ई-रिक्शों व हल्के वाहनों को आने जाने पर पूरी तरह से रोक लगाए रखी गई, ताकि जाम की स्थिति न बने और भक्तों को आने जाने में दिक्कत का सामना न करना पड़े।
गाजे बाजे से निकाली शिव बारात, झूमते रहे भक्त।
करतल। महाशिवरात्रि के पर्व पर भक्तों ने भगवान शिव, पार्वती की दिव्य झॉकी निकाली गई। झॉकी में डीजे में बज रहे भगवान भोलेनाथ की भक्ति से ओतप्रोत गीतों पर भक्तगण झूमते नजर आए। झॉकी में सजे देव मूर्तियों की लोगों ने जगह-जगह पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। साथ में चल रहे भूत, प्रेत, नंदी एवं देवों के अलावा तरह तरह के रुप में सजी बच्चों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। शिव बारात रावण पहाड़ी स्थित शिव मन्दिर पहुंची जहां पर राजेन्द्र सिंह उर्फ सीपू सिंह द्वारा बारात के स्वागत सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी तरह ग्राम नहरी में भी दो जगहों से शिव बारात का आयोजन किया गया। चौकी प्रभारी सुबेदार विन्द के अलावा हेड कां. अनुज यादव, रूपेन्द्र, सुनील कुमार पूरी तरह मुस्तैद रहे।
भक्तों को खिलाया गया प्रसाद
बदौसा। कस्बे के शीतल बाबा के में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। भक्तों के लिये जगह-जगह प्रसाद का वितरण किया जाता रहा। पुरानी बाजार स्थित रामजानकी मंदिर भव्य शिवबारात निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में शिव भक्त शामिल रहे। रात्रि भर मंदिरों में भजन कीर्तन के कार्यक्रम चलते रहे। कस्बे से 10 किलोमीटर में दूर स्थित प्रसिद्ध कारु बाबा मंदिर में भी सुबह से हजारों की संख्या भक्त शामिल रहे। बारात में थाना प्रभारी अजीत प्रताप सिंह पूरे समय जुलूस के साथ चलते रहे। कस्बे के खाद व्यापारी आदित्य बाजपेयी ने शिवबारात में चल रहे भक्तो को जलेबी पोहा का वितरण कराया। शिव बारात में केके बाजपेयी, आनंद स्वरूप गौतम, अभिषेक सोनी, प्रभाकर सिंह, प्रिंसू गुप्ता, ऋषिकेश दुबे, नवीन जैन, अंकुर बाजपेयी, नीरज गुप्ता, सत्यनारायण सोनकर, मनोज मिश्रा, हरिओम सोनकर, अजय सोनकर, रविशंकर गुप्ता, राजाराम गर्ग, राज सोनी सहित हजारों की संख्या में शिव भक्त शामिल रहे।
शिव बारात में बरसते रहे पुष्प
अतर्रा। नरैनी रोड स्थित गौराबाबा धाम मंदिर व लाल थोक स्थित बरसल बाबा मंदिर में सुबह से शिव भक्तों की भीड़ लगी रही। गौराबाबा धाम प्रांगण में श्रद्धालुओं द्वारा पूरे दिन भंडारे कर प्रसाद वितरण किया गया। कस्बा के बाँदा रोड स्थित शिव मंदिर से निकली बारात में तरह-तरह के बैंड और लाइट के साथ रथों पर चौकियां सजाई गई थीं। गाजे बाजे के साथ निकली बारात में काली, दुर्गा, सरस्वती समेत हनुमान, गणेश व अन्य देवी देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। रास्ते भर पुष्प वर्षा होती रही। शिव बारात में श्रद्धालु देवी-देवता व भूत-प्रेत के वेश में नाचते थिरकते रहे। शिव बारात की व्यवस्था में भरत गुप्ता,अनिल गुप्ता, राजेश गुप्ता, अवधेश गुप्ता, टिंकू, नवनीत सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। यात्रा में सुरक्षा के मद्देनजर थाना प्रभारी संजीव चौबे, कस्बा इंचार्ज मणिशंकर मिश्रा, एसएसआई प्रेमपाल सिंह मयफोर्स मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment