बालिका इंटर कॉलेज कर्वी में डीएम का सख्त निरीक्षण, डीआईओएस व प्रधानाचार्य को नोटिस जारी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, February 7, 2026

बालिका इंटर कॉलेज कर्वी में डीएम का सख्त निरीक्षण, डीआईओएस व प्रधानाचार्य को नोटिस जारी

गंदगी पर फटकार व विकास का रोडमैप 

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जनपद के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्वी में शुक्रवार को उस समय प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनके पठन-पाठन, समाचार पत्र पठन की आदतों तथा विद्यालय से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान प्रयोगशालाओं के साथ-साथ पुस्तकालय का भी गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय विद्यालय के गलियारों में अव्यवस्थित फर्नीचर, टूटी-फूटी सामग्री के ढेर और साफ-सफाई की भारी कमी देख जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इसे निरीक्षण प्रणाली की लापरवाही बताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने और प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानाचार्य को एक

निरीक्षण में मौजूद डीएम व अन्य अधिकारीगण

माह के भीतर विद्यालय परिसर की पूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का सख्त आदेश दिया गया। छात्राओं ने पुस्तकालय कक्ष छोटा होने और कक्षा-कक्षों के दरवाजे टूटे होने की समस्या रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने दस कक्षाओं में क्रिटिकल गैप के माध्यम से स्मार्ट क्लास संचालित कराने तथा मुख्य द्वार के बाहर की सड़क दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी बताया गया कि पीटीआरओ के अंतर्गत कार्यरत स्टाफ के मानदेय भुगतान हेतु सत्र 2025-26 में 2.69 लाख रुपए शेष हैं। समग्र शिक्षा, नीति आयोग और प्रोजेक्ट अलंकार योजनाओं के अंतर्गत कंप्यूटर लैब, नए कक्षा-कक्ष, टॉयलेट ब्लॉक, मल्टीपरपज हॉल और पुस्तकालय निर्माण जैसे करोड़ों के कार्य प्रगति पर हैं। जिलाधिकारी ने सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर छात्राओं को बेहतर शैक्षिक और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages