चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद के समस्त शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातःकाल से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिरों के बाहर देखी गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे दिन और रात ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजे शिवालय भक्तों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक एवं शिव विवाह की झांकी का आयोजन भी किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रमुख मंदिरों कामदगिरि, रामघाट, हनुमान धारा, चर के सोमनाथ मंदिर, ऋषियन आश्रम सहित अन्य शिवालयों में हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। अनेक मंदिरों में रात्रि जागरण एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भजन मंडलियों ने शिव भक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। शिव तांडव स्तोत्र और शिव महिमा के पाठ से वातावरण आध्यात्मिक बना रहा। भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। प्रमुख मंदिरों के बाहर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी आपातकालीन सेवाओं के लिए मुस्तैद रही। समाजसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय संगठनों द्वारा जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को जल, फल एवं प्रसाद वितरित किया गया। कुछ स्थानों पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए गए, जिससे भक्तों को सुविधा मिली। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस दिन व्रत एवं पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-शांति आती है। भक्त रात्रि में चार प्रहर की पूजा कर शिव की आराधना करते हैं।
एसपी ने की पूजा-अर्चना
महाशिरात्रि के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ए. के सिंह ने चर गांव स्थित सोमनाथ मंदिर में इलाहाबाद विश्विद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रघुनाथ द्विवेदी और मानिकपुर ब्लाक प्रमुख अरविन्द्र मिश्रा के साथ जलाभिषेक किया। इसके बाद अगरहुणा गांव में भागवत कथा के समापन में पहुंचे एसपी को आयोजकों ने सम्मानित किया।
ऋषियन आश्रम में अनुष्ठान
मऊ क्षेत्र स्थित प्राचीन ऋषियन आश्रम में चल रहे एकादशदिवसीय शिव मंत्र जप श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ के तहत महाशिवरात्रि पर्व धूम धाम से मनाया गया। मंदिर स्थित प्राचीन शिव लिंग के जलाभिषेक के लिए सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आश्रम के संचालक पं. इन्द्रेश त्रिपाठी ने बताया कि ऋषियन ट्रस्ट द्वारा महाशिरात्रि के अवसर पर आयोजित एकादशदिवसीय शिव मंत्र जप श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ की पूर्णाहुति 17 को होगी तथा समापन अवसर पर विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment