पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपए का इनामिया गैंगस्टर घायल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, April 9, 2026

पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपए का इनामिया गैंगस्टर घायल

अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद

फतेहपुर, मो शमशाद । थरियांव थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और साहसिक कार्रवाई से एक खूंखार गैंगस्टर को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी जीशान खान पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और उसके सिर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बुधवार की रात करीब 11.25 बजे थरियांव थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह अपनी टीम अपराध निरीक्षक सुरजीत कुमार, उपनिरीक्षक पृथ्वी राज सिंह, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, विवेकानन्द मिश्रा, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सोनकर, कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, अनीष यादव, मनीष कुमार, सतीश कुमार, सतीष पवार, टीकम सिंह के साथ पूर्वी बाईपास पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी जीशान खान हाईवे मोड़ से फतेहपुर की तरफ आ रहा है।

जमीन पर पड़ा पुलिस मुठभेड़ में घायल इनामिया अभियुक्त।

पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा किया। अभियुक्त जीशान खान पुलिस को देखते ही टेकसारी जाने वाले मार्ग पर भाग निकला और झाड़ियों में छिपकर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने की नीयत से अवैध तमंचा से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल जीशान खान को तत्काल जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस तथा 250 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार जीशान खान पुत्र इब्राहिम निवासी ग्राम अमांव थाना खागा पर पहले से ही कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आम्र्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के कुल 11 मामले शामिल हैं, जिनमें कौशाम्बी और फतेहपुर के विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना थरियांव क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध हथियार और गोलियां जांच में भेज दी गई हैं। प्रकरण में थाना थरियांव पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages