चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के कुशल मार्गदर्शन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता के कुशल निर्देशन में चल रही चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 द्वारा बीते 12 अप्रैल को चित्रकूट धाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म में एक 2.5 वर्षीय अबोध बालिका को संरक्षित किया गया। लगभग 6 बजे चाइल्ड लाइन प्रभारी राजेंद्र ने चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक को फोन पर बताया कि एक 2.5 वर्ष की बच्ची स्टेशन में मिली है। चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक विशेष कुमार त्रिपाठी ने तत्काल सुपरवाइजर काजल सिंह को बच्ची को अपनी सुपुर्दगी में लेने के लिए भेजा और स्वयं मौके पर पहुंचे। रेलवे स्टेशन में बने कंट्रोल रूम में लालजी सीसीटीवी फुटेज देखने पर बालिका अपने मां के आस पास खेलती हुई दिखाई दी। स्टेशन में मशीन द्वारा टिकट बेचने वाले मुकेश ने पूछताँछ के दौरान बताया कि यह बच्ची टिकट विंडो के पास अपने मां के साथ खेल रही थी और बच्ची की मां ने बच्ची
को सुलाने के बाद मुझसे ग्वालियर का टिकट लिया था। सीसीटीवी फुटेज देखने पर टिकट लेने के बाद बच्ची की मां कहीे नजर नहीं आई। बच्ची को लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम सी.डब्ल्यू.सी. अध्यक्ष राकेश माथुर के आवास पर गई। अध्यक्ष द्वारा बच्ची को राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई में आवासित करने का आदेश पारित किया गया। आदेश का पालन करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक विशेष कुमार त्रिपाठी एवं काजल सिंह द्वारा बच्ची को मेडिकल के बाद आवासित करा दिया गया। बच्ची के परिजनों को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। यदि बालिका की माँ या परिवार की जानकारी प्राप्त होती है तो उसकी सूचना 1098 पर, या बाल कल्याण समिति के समक्ष साक्ष्य सहित प्रस्तुत कर सकते हैं।


No comments:
Post a Comment