कानपुर, प्रदीप शर्मा - चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के 28वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गयी हैं।शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार कक्ष में कुलपति डॉ संजीव गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 10 जुलाई को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी।बैठक में निर्णय लिया गया कि 27वें दीक्षांत समारोह के दौरान गठित कमेटी को ही इस बार भी आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। हालांकि आयोजन को और प्रभावी बनाने के लिये कुछ नये सदस्यों को भी कमेटी में शामिल करने पर सहमति बनी।कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के
निर्देश दिए।बैठक में परीक्षाओं के मूल्यांकन कार्य को शीघ्र पूरा कर परिणाम जल्द घोषित करने पर भी जोर दिया गया। कुलपति ने दीक्षांत समारोह को अनुशासित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने तथा प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य उच्च स्तरीय मानकों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। बैठक में अर्थनियंत्रक संजय राय सहित विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment