बांदा, के एस दुबे । जनपद की तहसील पैलानी अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरहट की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता दल यूनाइटेड के जिला महासचिव श्रीराम प्रजापति ने जिलाधिकारी बांदा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायत अतरहट में गरीब, मजदूर, किसान एवं आम जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है तथा कई गंभीर समस्याएं वर्षों से बनी हुई हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। ज्ञापन में ग्राम पंचायत के विभिन्न मुहल्लों में रोड लाइट न लगाए जाने, चोरी की बढ़ती घटनाओं, आवारा पशु एवं पक्षियों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था न
होने, बंद पड़े ट्यूबवेल चालू कराने, अस्पताल में डॉक्टर एवं दवाओं की व्यवस्था किए जाने तथा ग्राम पंचायत में मुक्तिधाम निर्माण की प्रमुख मांग उठाई गई। श्रीराम प्रजापति ने बताया कि अस्पताल भवन बनने के बावजूद वर्षों से वहां न डॉक्टर की तैनाती हुई और न ही दवाओं की व्यवस्था की गई, जिससे ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में जाना पड़ता है। वहीं मुक्तिधाम न होने के कारण गरीब परिवारों को अंतिम संस्कार के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों में भारी आक्रोश उत्पन्न होगा तथा वे जनहित में आमरण अनशन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


No comments:
Post a Comment