अतर्रा/बांदा, के एस दुबे । थाना क्षेत्र के चौक बाजार दामू गंज में रिश्तेदारी में ठहरे परिवार में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 19 वर्षीय विवाहिता कथित रूप से घर में रखे जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित ससुर ने अतर्रा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चित्रकूट जिले के भरतकूप थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ निवासी रमेश पुत्र द्वारिका भुर्जी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी बहू मोहिनी पत्नी प्रकाश को उसके मायके मर्का से लेकर गांव जा रहा था। देर होने के कारण अतर्रा में रिश्तेदारी में रुक गया था। आरोप है कि नौ सितंबर की रात
करीब तीन बजे मोहिनी ने घर में सभी लोगों को सोता देख बैग में रखे जेवर निकाल लिए और टीन से उतरकर राघवेंद्र उर्फ गोलू पुत्र सत्यवीर उर्फ छोटा राजा निवासी मऊ ब के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गई। तहरीर के मुताबिक बैग में चांदी की मोटी पायल, चांदी की कमर करधनी, दो जोड़ी पतली पायल, सोने का मंगलसूत्र, मनचली, अंगूठी, कान की बिजली और नाक की नथ समेत अन्य जेवर रखे थे। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि युवक को रिश्तेदार किशनु गुप्ता व अन्य पड़ोसियों ने बाइक से जाते हुए देखा। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment