दहेज की मांग पूरी न होने पर पति की हत्या का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई गुहार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, May 19, 2026

दहेज की मांग पूरी न होने पर पति की हत्या का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई गुहार

बांदा, के एस दुबे । दहेज उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने अपने पति की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष ने प्रधानमंत्री आवास योजना की धनराशि हड़पने के बाद उसके पति की हत्या कर दी और अब उसे तथा उसके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के हरदौली घाट रोड निवासी एक महिला ने अपने पति की संदिग्ध मौत के बाद ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि दहेज के लिए लंबे समय तक प्रताड़ित किए जाने के बाद उसके पति की हत्या कर दी गई और अब उसे तथा उसके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही हैं।


पीड़िता रूबी पत्नी स्वर्गीय मनोज ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2020 में मनोज पुत्र कालीचरण के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहे। इस संबंध में उसने पूर्व में शहर कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया था। बाद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और वह अपने पति के साथ रहने लगी। महिला के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली पहली किस्त की राशि पर ससुराल पक्ष की नजर थी। आरोप है कि ससुराल वालों ने आवास निर्माण के लिए मिले पैसों को अपने कब्जे में लेकर 50 हजार रुपये की और मांग की तथा मांग पूरी न होने पर उसके पति की हत्या करने की धमकी दी।

पीड़िता ने बताया कि 30 मार्च 2026 को उसने अपने पति की जान बचाने के लिए बैंक से 49 हजार रुपये निकाले, लेकिन जब वह घर पहुंची तो उसे पति के आत्महत्या करने की सूचना दी गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर उसने पति को मृत अवस्था में देखा। महिला का आरोप है कि उसके पति की हत्या की गई है।रूबी ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उसके पास मौजूद नकदी छीन ली और अब उसे, उसके छोटे बेटे तथा पिता को जान से मारने की धमकियाँ दे रहे हैं। भय के कारण कोई भी व्यक्ति गवाही देने को तैयार नहीं है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages