केन पुल पर चल रहे निर्माण में लाई जाये तेजी
बांदा, के एस दुबे । सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों एवं सीएमआईएस पोर्टल के अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया कि समीक्षा बैठक में परियोजना प्रबंधक अवश्य उपस्थित रहें। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। भूरागढ़ एवं रनगढ़ में पर्यटन विकास के अंतर्गत कराए गए कार्यों में विलम्ब होने पर कार्य को तीव्र गति से कराए जाने के निर्देश दिए। सेतु निगम के अंतर्गत केन नदी महोबा रोड पर निर्माणाधीन पुल के कार्य में तेजी
लाने के निर्देश दिए। बबेरू बस स्टैण्ड का निर्माण कार्य अक्टूबर माह तक पूर्ण करने को कहा गया। बांदा मुक्तिधाम मार्ग का चौड़ीकरण कार्य इसी माह पूर्ण करने के निर्देश दिए। पैलानी-गलौली मार्ग समय से तथा बबेरू-तिंदवारी-सुमेरपुर मार्ग का कार्य जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। बांदा-बहराइच मार्ग का कार्य तीव्र गति से दिसम्बर तक पूर्ण करने को कहा गया। कालू कुआं चौराहे से पल्हरी बाईपास निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए।
खराब राजकीय नलकूपों को शीघ्र री-बोर कराए जाने के निर्देश दिए। केन-बेतवा लिंक परियोजना के आवासीय भवनों का निर्माण कार्य जून 2026 तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। सिंह वाहिनी राम जानकी पम्प नहर के कार्य में तेजी लाने को कहा गया। केन-बेतवा नहर के आधुनिकीकरण का कार्य तीव्र गति से कराए जाने के निर्देश दिए। सीएनडीएस द्वारा आयुर्वेदिक कॉलेज ऑडिटोरियम व अन्य कार्यों को एक माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृषि विश्वविद्यालय में महिला छात्रावास का निर्माण कार्य तथा ओरण में बारात घर एवं बाउण्ड्रीवाल का कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। छिबो तालाब के अवशेष कार्य, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बिसंडा एवं नरैनी के अवशेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। खपटिहाकला बस स्टैण्ड का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment