जिलाधिकारी ने सुनी किसानों की समस्याएँ, दिए समाधान के निर्देश
देवेश प्रताप सिंह राठौर
उत्तर प्रदेश, उन्नाव । कृषि भवन सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएँ रखीं। जिलाधिकारी ने विद्युत, उद्यान, वन, मत्स्य, बैंक, पशुपालन, कृषि और राजस्व सहित अन्य विभागों से संबंधित किसानों की शिकायतों को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर बुलाकर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मीना ने किसानों को जैविक खेती अपनाने की सलाह दी, जिससे अच्छी पैदावार और बेहतर आय प्राप्त हो सके। उन्होंने खेती में नवाचार पर ध्यान देने और पुरानी पद्धतियों को छोड़कर तकनीकी खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने सभी किसानों से अपने खेत की मिट्टी का परीक्षण कराने को कहा, ताकि मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार फसल का चुनाव किया जा सके।
उन्होंने फसल चक्र योजना का पालन करने पर भी जोर दिया, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहे। साथ ही, कंपोस्ट खाद का कृषि में प्रयोग करने की सलाह दी। जिलाधिकारी ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर चलाई जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी रखने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि उन्नाव जनपद आम उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी स्थान रखता है। इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि, जिला मत्स्य अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर सहित अन्य अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
किसान दिवस में कई व्यक्तिगत समस्याएँ भी सामने आईं। कृषक अनिल कुमार मिश्रा ने सौर ऊर्जा से संचालित निजी नलकूप की मरम्मत, नितिन कुमार ने किसान पंजीकरण पोर्टल पर नाम प्रदर्शित न होने, राष्ट्रीय किसान मंच के सौरव मिश्रा ने जमीन पर अवैध कब्जे और बंसी लाल व कुंवर पाल ने फसल बीमा की लंबित क्षतिपूर्ति से संबंधित प्रकरण उठाए। इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि रवि चंद्र प्रकाश, जिला कृषि अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, एआर को-ऑपरेटिव, सहायक निदेशक मत्स्य, जिला उद्यान अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment