यमुना में नहाने गए छह दोस्त डूबे, चार की मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, May 17, 2026

यमुना में नहाने गए छह दोस्त डूबे, चार की मौत

ललौली के कुनुवा का डेरा में हादसा, दो युवकों की हालत स्थिर

फतेहपुर, मो शमशाद । ललौली थाना क्षेत्र के कुनुवा का डेरा गांव के पास रविवार दोपहर यमुना नदी में नहाने गए छह दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। तेज बहाव में सभी युवक गहरे पानी में डूबने लगे। हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवकों को स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और गांव में मातम छा गया। थाना क्षेत्र के तपनी गांव निवासी हसीब उम्र 22 वर्ष पुत्र फरीद खान, शान मोहम्मद उमर 20 वर्ष पुत्र नफीस, साहिल उम्र 20 वर्ष पुत्र सन्ने, अंश कुमार उम्र 20 वर्ष पुत्र धर्मेंद्र उर्फ गोरे, नितिन व मोनू यमुना नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक तेज बहाव में सभी युवक फंस गए और डूबने लगे। घटना की सूचना दोपहर यूपी डायल-112 को मिली। सूचना मिलते ही

 हादसे के बाद घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़ व खड़ी एंबुलेंस।

ललौली थाना पुलिस और यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल बचाव अभियान चलाया गया। मशक्कत के बाद सभी छह युवकों को नदी से बाहर निकाला गया। इनमें दो युवकों नितिन व मोनू को सुरक्षित बचा लिया गया, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं चार युवकों हसीब, शान मोहम्मद, साहिल व अंश कुमार को सीएचसी बिंदकी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजे से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई है। घटना की सूचना उपजिलाधिकारी बिंदकी को भी दे दी गई है, जिनके निर्देशन में आगे की कार्रवाई की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages