बिसंडा अक्षरा कुटी में शंकराचार्य महाराज का भव्य स्वागत, धर्म और गौसंरक्षण का दिया संदेश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, May 26, 2026

बिसंडा अक्षरा कुटी में शंकराचार्य महाराज का भव्य स्वागत, धर्म और गौसंरक्षण का दिया संदेश

बांदा, के एस दुबे । 81 दिवसीय गविष्टि यात्रा के क्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री श्री 1008 अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का मंगलवार को बांदा जनपद आगमन हुआ। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया तथा धर्म सभाओं एवं जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बिसंडा स्थित अक्षरा कुटी में समाजसेवी प्रेम पाण्डेय द्वारा शंकराचार्य महाराज का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। अक्षरा कुटी परिसर में श्रद्धालुओं, सनातन धर्म प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। जय श्रीराम, हर-हर महादेव एवं गौमाता के जयघोषों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के तमाम गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी, धर्मप्रेमी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


अपने संबोधन में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने सनातन धर्म, गौसंरक्षण एवं भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और आस्था की आधारशिला हैं तथा समाज को धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे आना होगा। उन्होंने युवाओं से भारतीय परंपराओं और धार्मिक मूल्यों को आत्मसात करने की अपील की।

शंकराचार्य महाराज ने कहा कि गविष्टि यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, गौसंरक्षण और सांस्कृतिक चेतना का प्रसार करना है। उन्होंने विभिन्न गांवों और नगरों में धर्म, सेवा और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य महाराज ने बांदा जनपद में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए समाजसेवी प्रेम पाण्डेय को बांदा का प्रभारी नियुक्त किया। इस घोषणा के बाद उपस्थित लोगों ने तालियों एवं जयघोषों के साथ स्वागत किया। प्रेम पाण्डेय ने इस जिम्मेदारी के लिए शंकराचार्य महाराज का आभार व्यक्त करते हुए सनातन धर्म और गौसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

दिनभर अतर्रा, नरैनी सहित कई स्थानों पर स्वागत एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शंकराचार्य महाराज का अभिनंदन किया। शाम को बांदा नगर स्थित रामलीला मैदान, गणेश भवन में विशाल धर्म सभा का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। धर्म सभा में सनातन धर्म, राष्ट्रहित, गौसंरक्षण एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन को लेकर पूरे जनपद में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages