देवेश प्रताप सिंह राठौर
उत्तर प्रदेश, उन्नाव । चर्चित ज्वैलर्स लूटकांड के सफल खुलासे के बाद स्वर्णकार समाज ने पुलिस प्रशासन का सम्मान कर आभार व्यक्त किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी से व्यापारियों एवं स्वर्णकार समाज में खुशी का माहौल है। स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा “बाबा जी” के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का सम्मान किया। इस दौरान आईजी लखनऊ रेंज किरण एस, जिलाधिकारी घनश्याम मीना तथा पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि घटना के बाद आईजी किरण एस ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा भी की थी। पुलिस टीम द्वारा मामले के सफल खुलासे के बाद स्वर्णकार समाज ने सम्मान समारोह आयोजित कर पुलिस अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर दीपक यादव एवं सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा को माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आज आयोजित कार्यक्रम में स्वर्णकार अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने आईजी किरण एस को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। आईजी ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने का आश्वासन दिया। स्वर्णकार समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन और स्वर्णकार समाज के बीच बेहतर समन्वय की भी सराहना की गई।


No comments:
Post a Comment