प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश, प्रेमी की हत्या कर जंगल में जलाया शव - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, June 2, 2026

प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश, प्रेमी की हत्या कर जंगल में जलाया शव

23 दिन बाद गुमशुदगी का खुलासा, नरकंकाल, पैन कार्ड, जूते व हथियार बरामद

यूट्यूब पर खोजे थे हत्या, जेल और सजा से जुड़े वीडियो; एसपी ने टीम को दिया पुरस्कार

फतेहपुर, मो शमशाद । बकेवर थाना क्षेत्र से लापता युवक विजय निषाद की गुमशुदगी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए प्रेम प्रसंग में हुई निर्मम हत्या का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में हमीरपुर जनपद के पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि पत्नी के प्रेम संबंधों से नाराज पति ने पत्नी के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जंगल में ले जाकर जला दिया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि बकेवर थाना क्षेत्र निवासी विजय निषाद आठ मई को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। ग्यारह मई को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के विश्लेषण में पता चला कि विजय की लगातार बातचीत हमीरपुर की रहने वाली किरन देवी से होती थी। जांच आगे बढ़ने पर मृतक की मोटरसाइकिल घाटमपुर क्षेत्र से बरामद हुई। इसके बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि किरन देवी और उसके पति

पत्रकारों से बातचीत करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक एवं पीछे खड़े हत्यारे दंपति।

कामता निषाद ने विजय की हत्या कर शव छिपा दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। पूछताछ में सामने आया कि किरन देवी और विजय निषाद के बीच पिछले करीब आठ माह से प्रेम संबंध थे। चार माह पहले तक कामता सूरत में नौकरी करता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। जब कामता वापस लौटा तो उसे संबंधों की जानकारी हुई और उसने विजय को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। पुलिस के अनुसार आठ मई को किरन देवी ने विजय को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया। जैसे ही वह घर पहुंचा, पहले से मौजूद कामता ने लकड़ी के चैखट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर में छिपा दिया गया और खून के निशान साफ कर दिए गए। रात में दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन शव अकड़ जाने के कारण उसे बोरे में भरना मुश्किल हो गया। आरोपियों ने आरी और ग्राइंडर की मदद से शव के पैरों को काटकर मोड़ा और बोरे में भरकर कानपुर नगर के रेउना थाना क्षेत्र के जंगल में ले जाकर जला दिया। इसके बाद मृतक की मोटरसाइकिल दूसरी जगह खड़ी कर दी गई और मोबाइल फोन व चश्मे को तोड़कर जंगल में फेंक दिया गया। अभियुक्त कामता की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से नरकंकाल, मानव अवशेष, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, जूते, ताबीज, जले हुए कपड़ों के अवशेष, मोबाइल और चश्मे के टूटे हुए हिस्से बरामद किए हैं। हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का चैखट, आरी, ग्राइंडर ब्लेड और दोनों मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गई हैं। परिजनों ने बरामद सामान की पहचान विजय निषाद के रूप में की है। हालांकि अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने घटना से पहले और बाद में मोबाइल फोन पर हत्या, जेल व्यवस्था, फांसी की सजा तथा अपराध से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी इंटरनेट और यूट्यूब पर खोजी थी। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों को भी केस में शामिल किया है। पुलिस ने आरोपी कामता निषाद और उसकी पत्नी किरन देवी निवासी ग्राम मनकी थाना कुरारा जनपद हमीरपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने बकेवर थाना पुलिस टीम को पच्चीस हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages