जिलाध्यक्ष ने कहा नफरत की राजनीति करने वाले उनके जीवन से लें सबक
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (पूर्व मंत्री) के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बांदा के तत्वाधान में अमर वीरांगना महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म जयंती बेहद हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस जनों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और समाज में उनके न्याय, धर्म व समर्पण के आदर्शों को याद किया। इस अवसर पर महारानी अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि वे भारतीय इतिहास की एक कुशल, न्यायप्रिय और लोकप्रिय आदर्श शासक थीं। उन्होंने बिना किसी आंतरिक टकराव, जातीय या सांप्रदायिक विभेद के भारतीय संस्कृति के पुनरुत्थान के लिए काम किया। जिलाध्यक्ष
ने बताया कि 12 वर्ष की अल्पायु में विवाह और 19 वर्ष की अवस्था में पति के निधन के बाद उन्होंने मराठा साम्राज्य की बागडोर संभाली। उनके शासनकाल में महिलाओं की एक विशाल सेना का गठन किया गया, जिसने युद्ध कौशल में नए प्रतिमान स्थापित किए। उन्होंने सोमनाथ, बद्रीनाथ, मथुरा, अयोध्या, केदारनाथ, रामेश्वर और गया के विष्णुपद मंदिर सहित देश भर में हजारों मंदिरों, धर्मशालाओं, कुओं और तालाबों का निर्माण कराया।
सद्भाव की मिसालरू काशी में आक्रांताओं द्वारा तोड़े गए विश्वनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने विद्वत सभा के विमर्श से पुराने स्थल पर टकराव पैदा करने के बजाय, उसके बगल में नए विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कराया। यह समाज में भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को अक्षुण्ण रखने की उनकी दूरदर्शिता का प्रमाण था। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि काशी के मणिकर्णिका घाट पर महारानी अहिल्याबाई की प्रतिमा स्थापित थी, लेकिन यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश सरकार ने विकास के नाम पर उस हेरिटेज स्थल पर भारी तोड़-फोड़ के दौरान महारानी की प्रतिमा को भी तोड़ दिया। जनमानस में इसका तीखा विरोध होने के बावजूद शासन-प्रशासन ने खेद जताने के बजाय पूरे मामले को नकारने का प्रयास किया।
राजेश दीक्षित ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन लोकतांत्रिक आदर्श और समावेशी भावना की एक अनूठी नजीर है, जिससे आज नफरत और विभेद की राजनीति करने वालों को सबक लेना चाहिए। राजमाता की जयंती के इस अवसर पर जिला महामंत्री व मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, शोएब रिजवी, जिला सचिव हेमंत कुमार वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय शुक्ला, कंट्रोल रूम प्रभारी बी लाल भाई, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, राजबहादुर गुप्ता, आरिफ निजामी, लालबाबू राजपूत, सैयद वारिस अली और इस्लाम भाई सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment