जल संस्थान के अधिकारियों ने सांसद का नहीं उठाया फोन
बांदा, के एस दुबे । भीषण गर्मी के इस मौसम में बांदा नगर की जनता पिछले तीन दिनों से बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज है। नगर में जल आपूर्ति पूर्णतया बाधित होने के कारण त्राहि-त्राहि मची हुई है। जनता की इस भारी परेशानी के बावजूद जल संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा आम जनमानस के फोन तक न उठाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस संवेदनहीनता से नाराज समाजवादी पार्टी के नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने रविवार को अधिकारियों के आवास पर पहुंचकर उनका घेराव किया। जल संकट से आजिज आकर समाजवादी पार्टी की सांसद श्रीमती कृष्णा पटेल के प्रतिनिधि और पूर्व नगर महासचिव इंजीनियर पुरुषोत्तम गुप्ता के नेतृत्व में
नगर के छोटी बाजार मोहल्ला निवासी कुलदीप मिश्रा, ऋषि जैन, जितेंद्र यादव और दिव्यांशू यादव आदि सहित तमाम आक्रोशित नागरिक जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एवं जूनियर इंजीनियर के आवास पर जा धमके। वहां उन्होंने अधिकारियों से सीधे मुलाकात कर जनता को हो रही नरकीय परेशानी से उन्हें अवगत कराया। मुलाकात के दौरान सांसद प्रतिनिधि इं. पुरुषोत्तम गुप्ता ने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने अधिकारियों से दो-टूक कहा कि वे कम से कम संकट के समय जनता के फोन तो उठा लिया करें।
सांसद कृष्णा पटेल ने कहा कि आज मैंने खुद आपको तीन बार फोन किया, लेकिन आपने एक बार भी फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। आप पूरे जिले के अधिकारी हैं, आपको राजनीति से ऊपर उठकर हर नागरिक की बात सुननी चाहिए। अगर आप यह सोचकर मेरा फोन नहीं उठा रहे हैं कि मैं समाजवादी हूँ, तो यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब सपाईयों और नगरवासियों ने अधिकारियों को उनके आवास पर घेरकर फोन न उठाने की वजह पूछी, तो जिम्मेदार अधिकारियों के पास इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं था। नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर नगर की जल आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारू रूप से बहाल नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी जनता को साथ लेकर जल संस्थान के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी।


No comments:
Post a Comment