ई-कवच पोर्टल पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कार्रवाई के निर्देश
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईसीडीएस, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों की पोषण व मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिए कि संभव अभियान के तहत निर्धारित सभी इंडिकेटर्स पर शत-प्रतिशत प्रगति लाकर जनपद चित्रकूट को प्रदेश में अग्रणी बनाया जाए। उन्होंने आईसीडीएस और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से सूचनाओं का समयबद्ध अद्यतन करने को कहा। लापरवाही बरतने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के विरुद्ध कार्रवाई कर मानदेय रोकने के भी निर्देश दिए। बैठक में सभी पात्र लाभार्थियों को टीएचआर उपलब्ध कराने, आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन, सीबीईवी और वीएचएसएनडी की ऑनलाइन फीडिंग शत-प्रतिशत करने तथा ग्राम पंचायतों के सहयोग से केंद्रों पर टाइल्स, रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए गए।
ई-कवच पर सख्ती
सीडीओ पाल ने कहा कि "सैम बच्चों की ई-कवच ऐप पर प्रविष्टि में लापरवाही क्षम्य नहीं है।" उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों की समयबद्ध फीडिंग और पांच आवश्यक दवाओं के वितरण के बाद उसी दिन एएनएम द्वारा पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी को 27 जुलाई तक ई-कवच की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को एनआरसी में 100% बेड ऑक्यूपेंसी और पीएमएमवीवाई के तहत पात्र महिलाओं को समय से लाभ देने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्रों में देरी पर नाराजगी जताते हुए यूपीपीसीएल, आरईडी और सीएनडीएस के ईई की बैठक बुलाने को कहा। लापरवाह ठेकेदारों और जेई के खिलाफ जिलाधिकारी स्तर से कार्रवाई की संस्तुति करने के निर्देश दिए। बैठक में डीपीआरओ देवेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. एम.के. त्रिपाठी, सभी सीडीपीओ, सुपरवाइजर, डीआईओ, डीडीओ, उपायुक्त एनआरएलएम व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment