NEET पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी चित्रकूट के अध्यक्ष कुशल सिंह पटेल एडवोकेट के नेतृत्व में कैंडल मार्च एवं सत्याग्रह का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता कचेहरी पार्क से धनुष चौराहा होते हुए पटेल तिराहा पहुंचे और सरदार पटेल की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह किया। कांग्रेस ने 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और NEET/CBSE पेपर लीक के विरोध में यह प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष कुशल सिंह पटेल ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने छात्रों के आंदोलन को सदन और सड़क दोनों जगह समर्थन दिया। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की
खबर विपक्ष, नौजवानों और लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और छात्राओं पर दिल्ली पुलिस के लाठीचार्ज की घोर निंदा करते हुए दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। पूर्व प्रत्याशी रंजना बराती लाल पांडे ने कहा कि तानाशाह सरकार पुलिस के दम पर लोकतंत्र की आवाज दबाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ खड़ा है और आवश्यकता पड़ी तो सड़कों पर उतरकर संघर्ष किया जाएगा। इस अवसर पर कामता प्रसाद द्विवेदी, राजेश सिंह, राबेद्र सिंह पटेल, शिव गुलाम वर्मा, अनिल गुप्ता, श्रेया पांडे, सुनीता वर्मा, चुनवाद प्रसाद, प्रशांत गुप्ता, नरवेश सचान, रामकृपाल वर्मा, अतुल राजपूत, जितेंद्र सोलंकी, शैलेंद्र कांत मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment