अनुशासन, संगठन और राष्ट्रभक्ति का दिया गया संदेश
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि - सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, शंकर बाज़ार, कर्वी में शनिवार को एक दिवसीय संकुल स्तरीय घोष वर्ग का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में अनुशासन, संगठन शक्ति और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ संकुल प्रमुख एवं बबेरू के प्रधानाचार्य नरेंद्र अवस्थी, विद्यालय के प्रबंधक कुंवर आशीष सिंह तथा प्रधानाचार्य अशोक कुमार उपाध्याय द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
घोष वर्ग में बिगुल, आनक एवं वेणु वादन का प्रशिक्षण दिया गया। बिगुल का प्रशिक्षण आलोक, आनक का प्रशिक्षण प्रधानाचार्य अशोक कुमार उपाध्याय एवं चुनाबाद तथा वेणु का प्रशिक्षण पवन कुमार द्वारा दिया गया। प्रधानाचार्य उपाध्याय ने संपूर्ण प्रशिक्षण का निरीक्षण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रबंधक कुंवर आशीष सिंह, प्रधानाचार्य अशोक कुमार उपाध्याय एवं संकुल प्रमुख नरेंद्र अवस्थी ने उपस्थित भैया-बहनों को संबोधित करते हुए अनुशासन में रहकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घोष का स्वर राष्ट्रभक्ति और एकता का प्रतीक है। कार्यक्रम में बांदा एवं चित्रकूट जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंच संचालन आचार्या श्रीमती नीलम ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के व्यवस्था प्रमुख राजकिशोर, आचार्य दिलीप, शिवमूरत, अनिल, राकेश, भोलाराम, विनोद तथा आचार्या आभा एवं मीनू सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।


No comments:
Post a Comment