प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए किए साक्षात्कार
बांदा, के एस दुबे । क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, बांदा द्वारा मंगलवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। निदेशक, सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस मेले में प्रदेश एवं प्रदेश के बाहर की प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया। रोजगार मेले में आमधन-ई प्राइवेट लिमिटेड, ब्राइट फ्यूचर प्राइवेट लिमिटेड तथा द इंडिया थर्मिट लिमिटेड सहित विभिन्न कंपनियों ने युवाओं के साक्षात्कार लिए। मेले में करीब 170 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक
प्रतिभाग किया। कंपनियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता एवं साक्षात्कार के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की, जिसमें 115 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन किया गया।
मेले में शामिल युवाओं ने इसे रोजगार प्राप्त करने का प्रभावी मंच बताते हुए सेवायोजन विभाग की पहल की सराहना की। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा बेरोजगारी कम करने में सहयोग करना है। रोजगार मेले का सफल संचालन क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, बांदा द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन वकील अहमद अंसारी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment