ग्रामीणों को जल संरक्षण और जल सारथी ऐप के उपयोग के प्रति किया गया जागरूक
बांदा, के एस दुबे । जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद बांदा के विकासखंड तिंदवारी एवं बड़ोखर खुर्द के चयनित ग्रामों में मंगलवार को "जल अर्पण" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योजना के सफल परीक्षण (टेस्टिंग) के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ग्राम पंचायतों को पेयजल योजनाएं औपचारिक रूप से समर्पित की गईं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल के समुचित उपयोग एवं वर्षा जल संचयन के महत्व की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि नल से मिलने वाले पेयजल का उपयोग केवल पेयजल एवं घरेलू आवश्यकताओं के लिए करें तथा बिना टोटी के पानी का उपयोग न करें, ताकि पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकी
जा सके। साथ ही भू-जल संरक्षण एवं वर्षा जल के माध्यम से जलस्तर बढ़ाने के उपाय भी बताए गए। जल जीवन मिशन के जूनियर इंजीनियर रमेश गुप्ता एवं एनसीसी टीम के इंजीनियरों ने अमलीकौर ग्राम समूह पेयजल योजना के अंतर्गत कराए गए निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि योजना का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-121-2164, जल सारथी ऐप एवं जल सेवा जैसी शिकायत निवारण व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को अपने मोबाइल फोन में जल सारथी ऐप डाउनलोड कर उसका उपयोग करने, शिकायत दर्ज करने और उसके समाधान की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों, ग्रामीणों तथा जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए जल संरक्षण एवं पेयजल योजनाओं के सफल और दीर्घकालीन संचालन का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment