अफ़रा-तफ़री के बीच पहुंची दमकल गाड़ियां
बांदा, के एस दुबे । शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके चौक बाज़ार में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थित कल्पना गारमेंट्स नाम की कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी लपटें व धुआं आसमान में उठने लगा। प्राथमिक सूचना के अनुसार, आग लगने की वजह विद्युत शॉट सर्किट बताई जा रही है। कपड़ा दुकान होने के कारण आग तेज़ी से फैली और देखते ही देखते उसने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। चौक बाज़ार का इलाका बेहद सघन और व्यस्त होने के चलते आसपास की दुकानों में भी आग फैलने का खतरा बन गया है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय
लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। संकरी गलियों और भारी भीड़ के बीच दमकल विभाग की टीम स्थानीय नागरिकों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। आग बुझाने का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। सुमित गुप्ता व्यवसायी ने बताया कि अचानक दुकान से धुआं और लपटें निकलती दिखीं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग काफी बढ़ चुकी थी। हमने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। चौक बाज़ार बहुत घना इलाका है, इसलिए बाकी दुकानों को बचाने के लिए हम लोग भी दमकल टीम के साथ आग बुझाने में मदद कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment