चित्रकूट, के एस दुबे : जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों की स्थिति से अवगत कराया। डीएम व सीडीओ के निर्देश पर हुई बैठक में डीपीओ ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि विद्युत संयोजन, पेयजल, शौचालय, फिनिशिंग समेत सभी शेष कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे कर आंगनबाड़ी केंद्र विभाग को जल्द हस्तांतरित किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण
कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कार्यदायी एजेंसियों ने लंबित कार्यों को पूरा करने की समयसीमा प्रस्तुत की। इसके आधार पर अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण 15 अगस्त से पहले पूरा करने तथा जिन भवनों का कार्य अभी लिंटर या छत स्तर पर है, उन्हें 30 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसमें बाल विकास परियोजना अधिकारियों के साथ सीएंडडीएस, एनएचएलएम, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment