चित्रकूट, के एस दुबे : जिला प्रशासन के निर्देश पर गुरुवार को ‘‘आयुष आपके द्वार‘‘ अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 539 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। साथ ही लोगों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि होम्योपैथी सरल, सुलभ और दुष्प्रभाव रहित चिकित्सा पद्धति है, जिससे अनेक सामान्य एवं मौसमी बीमारियों का प्रभावी उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधा
पहुंचाना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविरों के तहत परिक्रमा मार्ग खोही में डॉ. सुनील ऋंगार, फार्मासिस्ट नीरज कुमार की टीम ने 165, चित्रकूट इंटर कॉलेज में डॉ. मुकेश कुमार पाण्डेय व फार्मासिस्ट बद्री प्रसाद की टीम ने 115, तहसील परिसर मऊ में डॉ. योगेंद्र कुमार यादव व फार्मासिस्ट सुशील सिंह की टीम ने 103 तथा पालेश्वरनाथ इंटर कॉलेज पहाड़ी में डॉ. सौम्या शुक्ला व फार्मासिस्ट नौशाद अली की टीम ने 156 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क होम्योपैथिक दवाओं का वितरण किया। सभी शिविरों में फार्मासिस्ट एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने भी सक्रिय सहयोग दिया।


No comments:
Post a Comment