मंडलीय शिक्षा अधिकारियों की अनुपस्थिति पर शिक्षकों ने जताया आक्रोश
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के प्रांतीय कार्यसमिति के निर्णय के क्रम में मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय, बांदा में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम 21 सूत्रीय मांगपत्र तथा जनपद की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष केदार वर्मा ने कहा कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का राजकीयकरण किया जाए, सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिले तथा माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की धारा 12, 18 एवं 21 को यथावत रखते हुए सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया की विसंगतियों को दूर कर शीघ्र आवेदन का अवसर उपलब्ध कराने तथा शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों में ई-फाइलिंग लागू करने की मांग भी उठाई।
जनपदीय संरक्षक जानकी शरण शुक्ल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप राज्य शिक्षा आयोग की स्थापना, 18 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा, स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों को सेवा सुरक्षा तथा वित्तविहीन विद्यालयों में छात्र संख्या के अनुरूप शिक्षकों की नियुक्ति की मांग रखी। संगठन के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा ने शिक्षकों के जीपीएफ खातों का ऑनलाइन संचालन, कला, व्यायाम, संगीत, भाषा एवं शिल्प शिक्षकों को 50 प्रतिशत कोटे में प्रवक्ता पद पर पदोन्नति, वर्ष 2014 से नियुक्त शिक्षकों की सामूहिक बीमा कटौती पुनः शुरू कराने, शत-प्रतिशत प्रान नंबर आवंटित करने तथा चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 33(छ) के अंतर्गत विनियमित शिक्षकों को पुरानी पेंशन एवं उच्च वेतनमान का लाभ देने की मांग की।
इसके अलावा ग्रीष्मावकाश में शासकीय कार्य करने वाले शिक्षकों के अर्जित अवकाश, पारिवारिक शोक पर 14 दिन का विशेष अवकाश, विद्यालयों में अवैध शुल्क वसूली पर रोक, हाईस्कूल प्रधानाध्यापकों का पदनाम प्रधानाचार्य ग्रेड-2 करने तथा अल्पसंख्यक सहायता प्राप्त विद्यालयों में सेवा नियमावली लागू कर रिक्त पदों को शीघ्र भरने की भी मांग की गई।
जनपदीय समस्याएं भी उठाईं
ज्ञापन में अप्रैल 2019 से कट चुकी एनपीएस धनराशि एवं सितंबर 2016 से दिसंबर 2023 तक के एरियर की एनपीएस राशि प्रान खातों में जमा कराने, लंबित वेतन व एरियर का भुगतान, कैशलेस चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण तथा एनपीएस खातों की त्रुटियां दूर कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
धरने के दौरान चित्रकूटधाम मंडल, बांदा में शिक्षा विभाग के मंडलीय डीडीआर एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में अधिकारियों की नियमित अनुपस्थिति पर भी शिक्षकों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या बताया। धरने की अध्यक्षता दादूराम वर्मा ने की। जिला मंत्री मोहम्मद बाकिर ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन पुष्पेंद्र कुमार त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर अंकिता द्विवेदी, निर्मला देवी, भूपेंद्र सिंह परिहार, राजीव कुमार, प्रेम सिंह, असीम कुमार, कृष्णकांत पाल, प्रदीप सिंह, शिवनारायण पटेल, अजय कुमार गुप्ता, रमाकांत गर्ग, विपिन कुमार दुबे, सर्वेश कुमार, पंचभैया प्रसाद, अजय कुमार, हरिशरण चौरसिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।


No comments:
Post a Comment