सैन्य प्रशिक्षण के साथ रचनात्मक प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
देवेश प्रताप सिंह राठौर
उत्तर प्रदेश, झाॅसी। 32 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन कैडेट्स ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ विभिन्न सैन्य, सुरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों में भाग लिया। शिविर का संचालन कैंप कमांडेंट कर्नल अभय सिंह देव के निर्देशन में किया जा रहा है।दिन की शुरुआत प्रातःकालीन पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) से हुई, जिसके बाद कैडेट्स को ड्रिल का प्रशिक्षण दिया गया। सैन्य प्रशिक्षण के अंतर्गत कैडेट्स को .22 राइफल की होल्डिंग, सुरक्षा नियमों एवं संचालन की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। शिविर में कैडेट्स की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स ने सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर आकर्षक
पोस्टर बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके उपरांत फायर फाइटिंग विषय पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें आग लगने के विभिन्न कारणों, आग की अलग-अलग श्रेणियों, अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं आग पर नियंत्रण के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई। सायंकालीन सत्र में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें कैडेट्स ने विभिन्न समसामयिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। दिन का समापन अनुशासित इवनिंग कॉल के साथ हुआ। शिविर के सफल संचालन में सूबेदार मेजर प्रेम सिंह, पीआई स्टाफ, जीसीआई ललिता शर्मा , जीसीआई मोहिनी सिंह यादव सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एएनओ एवं सीटीओ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर के माध्यम से कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं आपदा प्रबंधन संबंधी कौशल का प्रभावी विकास किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment