सड़क पटरी से हटाए अवैध कब्जे
बांदा, के एस दुबे । प्रदेश के मुख्यमंत्री के संभावित बांदा दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वीवीआईपी मूवमेंट से पहले शहर की यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और सड़कों को सुगम बनाने के लिए रविवार को भारी पुलिस बल के साथ एक बड़ा श्अतिक्रमण हटाओ अभियानश् चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस लाइन तिराहे से लेकर कालूकुंआ चौराहे तक सड़क की पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह साफ कराया गया।
सड़क सुरक्षा और जनहित को सर्वाेपरि रखते हुए चलाए गए इस अभियान में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्रीचन्द्र चौधरी, नायब तहसीलदार धनंजय कुमार, यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह और एसएसआई संतोष कुमार चौधरी भारी पुलिस बल और यातायात पुलिस के साथ खुद सड़क पर उतरे। टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों, खोमचों और अन्य अस्थाई ढांचों को हटवाकर रूट को पूरी तरह व्यवस्थित कराया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्रीचन्द्र चौधरी ने सख्त लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दृष्टिगत शहर के विभिन्न इलाकों में यह अभियान लगातार और नियमित रूप से जारी रहेगा। सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है। सभी दुकानदार और व्यापारी सड़क पटरी से अपना अतिक्रमण स्वयं ही हटा लें। यदि चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण पाया गया, तो नियमानुसार सख्त और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस बड़ी कार्रवाई से पहले जिला प्रशासन ने बकायदा जागरूकता अभियान चलाया था। बीते 3 और 4 जुलाई को अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न व्यस्त इलाकों में पैदल गश्त की थी। इस दौरान लोगों को सड़क किनारे निर्माण सामग्री न डालने, डीजे वाहन व चार पहिया वाहन बेतरतीब खड़े न करने तथा सब्जी विक्रेताओं को केवल निर्धारित वेंडिंग जोन में ही दुकान लगाने की सख्त हिदायत दी गई थी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बांदा शहर को सुंदर, सुव्यवस्थित और जाम मुक्त बनाने के लिए यह कड़ा अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा।


No comments:
Post a Comment