खेत के गड्ढे में नहाने गई 8 वर्षीय बच्ची की डूबकर दर्दनाक मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, July 14, 2026

खेत के गड्ढे में नहाने गई 8 वर्षीय बच्ची की डूबकर दर्दनाक मौत

बबेरू /बांदा, के एस दुबे । तहसील क्षेत्र के मरौली गांव में सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही आठ वर्षीय मासूम बच्ची की खेत में बने गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी अवधेश कुमार की 8 वर्षीय पुत्री शिक्षा देवी सोमवार शाम ट्यूशन पढ़कर लौटी थी। इसके बाद वह शौच के लिए खेतों की तरफ गई। बताया जा रहा है कि रास्ते में कुछ बच्चे खेत में भरे पानी में नहा रहे थे, जिन्हें देखकर शिक्षा भी उनके साथ नहाने लगी। नहाते समय शिक्षा अचानक गहरे गड्ढे में जा गिरी और डूबने लगी। साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर


मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में बच्ची को बाहर निकाला। परिजन उसे लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  बबेरू पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका शिक्षा देवी अपने तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी और कक्षा चार की छात्रा थी। घर का मुख्य कमाऊ सदस्य पिता अवधेश पूना में रहकर मजदूरी करता है। घटना के बाद से मां रन्नू देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, सूचना मिलते ही बबेरू पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages