भाजपा ने समरसता संकल्प अभियान की कार्यशाला आयोजित की, 20 अगस्त तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम
बांदा, के एस दुबे । भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समरसता संकल्प अभियान के तहत बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि रामकिशोर साहू ने कार्यकर्ताओं से डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम को गति देते हुए उसे शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचार केवल इतिहास की धरोहर नहीं, बल्कि समरस और सशक्त
भारत के निर्माण का मार्गदर्शन हैं। उनकी रचनाएं जाति-पांति के भेदभाव को समाप्त कर मानवता, समानता और आपसी प्रेम का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का सम्मान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके गुणों से होना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने कहा कि संत रविदास ने समाज में व्याप्त छुआछूत और जात-पात जैसी कुरीतियों का कड़ा विरोध किया था। उन्होंने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत 20 अगस्त तक जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मठ-मंदिरों एवं गुरुद्वारों में पुजारियों, पीठाधीश्वरों और धर्माचार्यों का सम्मान, कलश यात्राएं, छात्रावास संपर्क अभियान, सेवा बस्तियों में गोष्ठियां, सामाजिक समरसता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, जनजागरण अभियान तथा संत रविदास के जीवन एवं विचारों पर परिचर्चाएं शामिल हैं। कार्यशाला में नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, पूर्व विधायक राजकरन कबीर, पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, संतोष गुप्ता, अखिलेश श्रीवास्तव, अजय पटेल, अजय प्रताप सिंह, निखिल सक्सेना, ममता मिश्रा, रामभवन उपाध्याय, उत्तम सक्सेना, अमित सेठ भोलू, वंदना गुप्ता, रूपा चौहान, दुर्गा चौरसिया, विवेकानंद गुप्ता, संतोष नायक, प्रभा गुप्ता, दिलीप तिवारी, पंकज रायकवार, प्रेमनारायण पटेल, सुधीर कुशवाहा, मनफूल पटेल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment