बांदा, के एस दुबे । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित अपने सहयोगियों के साथ नरैनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पनगरा स्थित पनगरा कुटी पहुंचे, जहां उन्होंने श्री श्री 1008 स्वामी कृष्णानंद सरस्वती "किशन" गुरु जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। गुरु जी ने अपने शिष्यों को संबोधित करते हुए गुरु की महिमा, चतुर्मास के महत्व तथा धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलने से जीवन में ज्ञान, शांति और आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है। उन्होंने गुरु-भक्ति, आत्मसमर्पण और सदाचार का पालन करने की प्रेरणा
देते हुए सनातन परंपराओं के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं और समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त करते हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी संकटा प्रसाद त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार सुनील तिवारी, लालबाबू राजपूत सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी गुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु वंदना, पूजा-अर्चना और प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।


No comments:
Post a Comment