27 जून से पीड़ित थाने जाकर एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन नहीं दर्ज हुआ मुकदमा
बांदा, के एस दुबे । जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम छनेहरा लालपुर निवासी ओमप्रकाश पुत्र सोनेलाल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कुछ लोगों पर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि थाना स्तर पर उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। शिकायत के अनुसार, 26 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे ओमप्रकाश अपनी दुकान से कार द्वारा मुरवल जा रहे थे। आरोप है कि हथौड़ा और छनेहरा के बीच एक ट्रैक्टर लगाकर उनकी गाड़ी रोक ली गई। शिकायत में नदीम पुत्र वशी अहमद तथा उसके 5-6 साथियों पर मारपीट करने, गले से लगभग 18 ग्राम सोने की चेन और 16,630 रुपये
नकद छीनने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का यह भी दावा है कि आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। ओमप्रकाश के अनुसार, घटना के समय उनकी पत्नी और पुत्री भी गाड़ी में मौजूद थीं। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायत में कहा गया है कि पुलिस के आने पर कुछ आरोपी मौके से भाग गए, जबकि दो लोग वहीं मिले थे। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की और अगले दिन थाने आने की बात कही।
शिकायतकर्ता का कहना है कि 27 जून से वह लगातार कोतवाली देहात थाने जाकर एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा कथित रूप से छीनी गई सोने की चेन और नकदी बरामद कराने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।


No comments:
Post a Comment