चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शनिवार को ग्राम कालूपुर स्थित मंदाकिनी अतिथि गृह का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और कराए गए मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा 15.72 लाख रुपये की लागत से अतिथि गृह की मरम्मत, अनुरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है। इसमें खिड़कियों-दरवाजों की पॉलिश, क्षतिग्रस्त कांच और दरवाजों का प्रतिस्थापन, ट्यूबलाइट व पंखों का नवीनीकरण, क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल का निर्माण, भवन की रंगाई-पुताई, साइन बोर्ड का प्रतिस्थापन तथा मुख्य प्रवेश द्वार की बाउंड्री वॉल पर मधुबनी पेंटिंग का कार्य कराया गया है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अतिथि गृह में
उपलब्ध कुर्सियों और डाइनिंग टेबल की उच्च गुणवत्ता के साथ पॉलिश कराई जाए। उन्होंने परिसर में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता और समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को बेहतर वातावरण मिल सके। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिथि गृह की बुकिंग और उपयोग से संबंधित मासिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रेषित की जाए। साथ ही अतिथि गृह पर स्पष्ट और आकर्षक साइन बोर्ड स्थापित कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि विभिन्न सामाजिक, पारिवारिक और शासकीय आयोजनों के लिए मंदाकिनी अतिथि गृह की उपलब्ध सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करते हुए इसकी बुकिंग कराएं।


No comments:
Post a Comment