देवेश प्रताप सिंह राठौर
उत्तर प्रदेश झांसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत संचालित राइज इन्क्यूबेशन सेंटर में शनिवार को आयोजित "टी टॉक विद डीएम" कार्यक्रम उत्साह एवं नवाचार के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी झांसी गौरांग राठी, आईएएस एवं विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, झांसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड, सुश्री आकांक्षा राना, आईएएस रहे। कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी इन्क्यूबेशन सेंटर के निदेशक श्री अमित सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इसके पश्चात राइज इन्क्यूबेशन सेंटर की उपलब्धियों एवं स्टार्टअप्स को सशक्त बनाने हेतु संचालित विभिन्न पहलों का परिचय दिया गया। इस अवसर पर राइज एक्सेलेरेटर मेवरिक प्रोग्राम (RAMP) की भी जानकारी साझा की गई, जिसके माध्यम से नवोदित स्टार्टअप्स को संरचित मेंटरशिप, व्यवसायिक मार्गदर्शन, निवेशकों से जुड़ने के अवसर तथा विकास हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाता है। कार्यक्रम का संचालन मोक्ष श्रीवास्तव, इन्क्यूबेशन प्रबंधक, राइज इन्क्यूबेशन सेंटर द्वारा प्रभावी एवं गरिमापूर्ण ढंग से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप संस्थापकों ने जिलाधिकारी गौरांग राठी से खुलकर संवाद किया तथा अपने अनुभव, चुनौतियाँ एवं भविष्य की योजनाएँ साझा कीं। जिलाधिकारी ने उद्यमियों को नवाचार, तकनीक एवं सामाजिक प्रभाव आधारित समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्थानीय समस्याओं के समाधान में स्टार्टअप्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन एवं स्टार्टअप्स के बीच सतत संवाद एवं सहयोग को समय की आवश्यकता बताया।
इस अवसर पर JOLT (Jhansi Open Lab for Technology) का औपचारिक शुभारंभ भी जिलाधिकारी द्वारा किया गया। JOLT एक ओपन इनोवेशन प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से सरकारी विभाग, निजी उद्योग, शैक्षणिक संस्थान एवं नागरिक अपनी वास्तविक समस्याओं को प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकेंगे, जबकि स्टार्टअप्स एवं नवप्रवर्तक उनके लिए नवीन, व्यवहारिक एवं स्केलेबल समाधान प्रस्तुत करेंगे। चयनित समाधानों को आवश्यकतानुसार पेड प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट (Paid PoC) एवं कार्यान्वयन का अवसर भी प्रदान किया जाएगा। इसके उपरांत उपस्थित अतिथियों को JOLT पोर्टल का लाइव प्रदर्शन कराया गया, जिसमें प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली, समस्या प्रस्तुत करने की प्रक्रिया तथा स्टार्टअप्स द्वारा समाधान उपलब्ध कराने की संपूर्ण प्रणाली का विस्तृत प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में "स्टार्टअप ऑफ द मंथ" सम्मान "द तुला हाउस" को प्रदान किया गया। सम्मान जिलाधिकारी प्रदान किया गया। साथ ही इन्क्यूबेटेड स्टार्टअप वेदांती द्वारा अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिसका औपचारिक लॉन्च भी जिलाधिकारी के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त ने राइज इन्क्यूबेशन सेंटर में स्थापित स्टार्टअप्स द्वारा लगाए गए प्रोडक्ट शोकेस का अवलोकन किया तथा उद्यमियों से संवाद करते हुए उनके नवाचारों की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राइज इन्क्यूबेशन सेंटर की संपूर्ण टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर तिष्यI, समीक्षा, अंकेश, हिमांशु, महेश एवं सुमित सहित समस्त टीम के सदस्य उपस्थित रहे। राइज इन्क्यूबेशन सेंटर ने विश्वास व्यक्त किया कि JOLT जैसी पहल झांसी में नवाचार आधारित समाधान, स्टार्टअप विकास एवं तकनीक-संचालित सुशासन को नई दिशा प्रदान करेगी तथा झांसी को एक अग्रणी इनोवेशन हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


No comments:
Post a Comment