बांदा, के एस दुबे । जिले में संचालित चाइल्ड ट्रस्ट ने बच्चों के पोषण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में फलदार वृक्ष लगाने का अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत ग्राम पंचायत जमालपुर, विकास खंड बड़ोखर में विभिन्न संस्थानों में फलदार पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान उच्च माध्यमिक विद्यालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेंद्र जमालपुर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अनार, अमरूद, जामुन, जंगल जलेबी और महुआ के पौधे लगाए गए। चाइल्ड ट्रस्ट के स्टेट कोऑर्डिनेटर महेंद्र सिंह गौतम ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य भविष्य में बच्चों को
पौष्टिक फल निःशुल्क उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को भी फल प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि "फलदार वृक्ष लगाएं, बच्चों को मुफ्त में पोषणयुक्त फल मिले" अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पोषण सुरक्षा दोनों लक्ष्यों को साथ लेकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। पेड़-पौधे, जीव-जंतु, सूक्ष्म जीव, मिट्टी, जल, वायु और सूर्य की ऊर्जा मिलकर प्रकृति का संतुलन बनाए रखते हैं। पर्यावरण ही हमारा घर, हमारा स्वास्थ्य और हमारा भविष्य है।
ग्राम पंचायत प्रधान प्रतिनिधि शिवचरण शुक्ला ने चाइल्ड ट्रस्ट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान से भविष्य में बच्चों को निःशुल्क पौष्टिक फल उपलब्ध होंगे। वहीं चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य शम्भू प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को भी इन फलदार वृक्षों का लाभ मिलेगा, जो संस्था की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। कार्यक्रम में राममोहन सिंह परिहार, ज्ञान सिंह, रणबीर सिंह, रामशरण विश्वकर्मा, बाबू वर्मा, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक एवं कर्मचारी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment