खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । विजयीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत गाज़ीपुर में सब्ज़ी बाजार मस्जिद से खरखर प्राथमिक विद्यालय के पास तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क है। वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा इस सड़क के केवल 500 मीटर हिस्से की मरम्मत कराई जा रही है, जबकि शेष 500 मीटर भाग को छोड़ दिया गया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार करीब दस वर्ष पहले इस मार्ग पर जिला पंचायत की ओर से लगभग सौ मीटर सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था, जबकि बाकी हिस्से में ग्राम प्रधान द्वारा ईंट बिछाकर सड़क बनवाई गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूरे एक किलोमीटर मार्ग की एक साथ मरम्मत हो जाती तो लोगों को
![]() |
| जर्जर सड़क का दृश्य। |
आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल जाती। कार्यस्थल पर मौजूद मजदूरों से बातचीत में उन्होंने बताया कि वे एक ठेकेदार के अधीन काम कर रहे हैं और ठेकेदार कानपुर के रहने वाले हैं। खरखर निवासी चमन आसिफ ने कहा कि यदि सड़क का कार्य पांच सौ मीटर और बढ़ा दिया जाता तो लोगों को काफी सुविधा मिलती। वहीं गाज़ीपुर गांव के ज़ियाउल्लाह, ज़ुल्फिकार और रामचंद्र का कहना है कि अधूरी मरम्मत से समस्या बनी रहेगी। उनका कहना है कि पूरे मार्ग का निर्माण एक साथ होना चाहिए था। इस संबंध में ग्राम प्रधान गोवर्धन निषाद ने बताया कि शेष पांच सौ मीटर सड़क के निर्माण के लिए राज्यमंत्री एवं विधायक कृष्ण पासवान से बातचीत कर कार्य कराने का प्रयास किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment