चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : चित्रकूट धाम मंडल बांदा आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी अजीत कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टरेट सभागार में कानून व्यवस्था और शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, 15वें वित्त आयोग, ऑपरेशन कायाकल्प, पीएम मत्स्य संपदा योजना, पोषण अभियान, दिव्यांगजन पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, प्रोजेक्ट अलंकार और सेतु व सड़क निर्माण समेत विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बागवानी मिशन में उन्होंने ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के तहत किसानों के
क्लस्टर बनाकर लाभ देने और पीएम किसान सम्मान निधि के लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उर्वरक की समीक्षा में उन्होंने साफ कहा कि जनपद में किसी हाल में खाद की कमी न हो और सभी केंद्रों पर स्टॉक बोर्ड, दर और टोकन व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू हो। विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने, बिलिंग और मीटर रीडिंग में सुधार तथा जर्जर तारों के प्रतिस्थापन के आदेश दिए गए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निराश्रित गोवंशों का शत-प्रतिशत संरक्षण, टीकाकरण और गौशालाओं में सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया कि कोई भी अन्ना गौवंश सड़कों पर दिखाई नहीं देना चाहिए। पर्यटन विभाग को इको पार्क, राम वाटिका और मड़फा के कार्यों में तेजी लाने को कहा। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने तथा भूमि विवादों का राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम से मौके पर समाधान करने के आदेश दिए गए। आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास के दृष्टिगत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। सभी शिव मंदिरों, रामघाट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बैठक में बताया कि गुरु पूर्णिमा और श्रावण मास मेले के मद्देनजर जनपद के सभी प्रमुख शिव मंदिरों, विशेषकर छह अधिक भीड़ वाले मंदिरों पर व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गई है। साथ ही रामघाट पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ यात्रा के लिए पार्किंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कर ली गई है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त अरविंद कुमार, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) चंद्रशेखर, एडीएम (नमामि गंगे) स्वप्निल कुमार यादव, सीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, डीसी मनरेगा डीएन पाण्डेय, डीडीओ सत्यराम यादव, एसडीएम कर्वी अजय कुमार यादव सहित सभी सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment