चित्रकूट, के एस दुबे : स्वच्छ भारत मिशन के तहत रविवार को कामतानाथ धाम में भव्य स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका परिषद तथा कामदगिरि स्वच्छता समिति के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस स्वच्छता अभियान में समाजसेवियों व नगर पालिका की टीम ने श्रमदान किया। अभियान का शुभारंभ तुलसी चैरा के पास पर्वत क्षेत्र से किया गया। इस दौरान कामतानाथ परिक्रमा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई की गई। समाजसेवियों व सफाई कर्मियों ने मार्ग पर फैले कूड़ा-करकट, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्र कर उसका समुचित निस्तारण किया। परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की। अभियान के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को कूड़ा
निर्धारित स्थान पर डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे बंदरों को मार्ग के बीच भोजन न दें, ताकि आवागमन सुचारु रहे और श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनी रहे। कामदगिरि स्वच्छता समिति के अध्यक्ष एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राकेश केशरवानी ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने ‘स्वच्छ संकल्प, निर्मल परिक्रमा और हरा कामदगिरि’ का संदेश देते हुए इसे आस्था के साथ जिम्मेदारी बताया। उपाध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि सेवा भाव और स्वच्छ आचरण से ही तीर्थ क्षेत्र की गरिमा कायम रहेगी। स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रबंधक शिवा कुमार ने कहा कि सहयोग से ही स्वच्छता संभव है। बताया कि कामतानाथ को आदर्श तीर्थ स्थल बनाने का संकल्प मिशन के तहत लिया गया है। महामंत्री जितेंद्र केशरवानी ने ‘एकता, स्वच्छता और जन-जन जागरण’ का आह्वान किया। अभियान में कृष्णा शुक्ला, जानकी कुशवाहा, स्वच्छता प्रभारी रसूल खान, जानकी प्रसाद, बिनोद, वीरेंद्र, राजेश, रवि, रामशिया, राकेश, मोनू, अंकुर केशरवानी समेत नगर पालिका के कर्मचारी, स्वच्छता कर्मी एवं समाजसेवियों ने श्रमदान किया।


No comments:
Post a Comment